
बेंगलुरु. कर्नाटक में 15 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे लगभग आ गए हैं। भाजपा 3 सीटें जीत चुकी है, जबकि 9 पर आगे चल रही है। वहीं, 2 सीटों कांग्रेस जबकि एक निर्दलीय को मिलती दिख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नतीजे आने के बाद कर्नाटक की जनता का आभार जताया है।
पीएम मोदी झारखंड के हजारीबाग में जनसभा करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा, स्थिरता और विकास के लिए भाजपा पर एक बार फिर विश्वास जताने के लिए कर्नाटक की जनता का मैं आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस और उसके साथियों की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और विकास के साथ लापरवाही देखी थी।
'जनमत को धोखा देकर बनी थी सरकार'
पीएम मोदी ने कहा, कर्नाटक चुनाव के दौरान वहां की जनता ने भाजपा को सरकार बनाने के लिए अपना मत दिया था। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने मिलकर इस जनमत को धोखा दे दिया था, सांठगांठ करके अपनी सरकार बना ली थी। अब कर्नाटक में जो हुआ, वो जनमत की भी जीत है, लोकतंत्र की भी जीत है।
भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार किया
उपचुनाव से पहले भाजपा के पास 105 सीटें थीं। राज्य में 224 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा 112 है। 15 सीटों पर उपचुनाव के बाद भाजपा के पास 117 सीटें हो जाएंगी। अभी 2 सीटों पर हाईकोर्ट में मामला लंबित होने के चलते चुनाव नहीं हुआ है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.