
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi ) ने शनिवार शाम को अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में खेल महाकुंभ 2022 (Khel Mahakumbh 2022 ) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भीड़ हमें बता रही है कि आप सब आसमान छूने को तैयार हैं। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल हम खेल महाकुंभ का आयोजन नहीं कर पाए। 2010 में 16 खेलों और 13 लाख प्रतिभागियों के साथ खेल महाकुंभ शुरू हुआ था। 2019 तक महाकुंभ के खेलों की संख्या बढ़कर 36 सामान्य खेल और 26 पैरा खेल हो गई। 2018 में हमने मणिपुर में देश का पहला राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया। खेलों में उच्च शिक्षा के लिए यूपी में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी भी शुरू होने जा रही है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के युवा आज आसमान छू रहे हैं। गोल्ड और सिल्वर की चमक देश के आत्मविश्वास को चमका रही है। दुनिया का सबसे युवा देश खेल के मैदान में भी एक ताकत बनकर उभर रहा है। टोक्यो ओलंपिक में भारत ने पहली बार सात मेडल जीते हैं। यही रिकॉर्ड भारत के बेटे-बेटियों ने टोक्यो पैरालंपिक में भी दोहराया। हमारे खिलाड़ियों ने 19 मेडल जीते। यह तो शुरुआत है। न हिन्दुस्तान रुकने वाला है, न थकने वाला है। मुझे मेरे देश की युवा शक्ति पर भरोसा है। मुझे खिलाड़ियों की तपस्या पर भरोसा है। मुझे खिलाड़ियों के सपने, संकल्प और समर्पन पर भरोसा है। इसलिए आज मैं लाखों युवाओं के सामने हिम्मत के साथ कह सकता हूं कि भारत की युवा शक्ति इसे बहुत आगे लेकर जाएगी। वो दिन दूर नहीं जब हम कई खेलों में कई गोल्ड एक साथ जीतने वाले देशों में शामिल होंगे।
यूक्रेन में दिखी तिरंगे की आन बान शान
पीएम ने कहा कि यूक्रेन से हजारों की संख्या में छात्र बम और गोलों के बीच से आए हैं। युद्धग्रस्त देश से आए छात्रों ने कहा है कि तिरंगे की आन बान शान क्या होती है यह हमने यूक्रेन में अनुभव किया है। ओलंपिक में जब हमारे खिलाड़ी मेडल प्राप्त कर पोडियम पर खड़े होते थे, तिरंगा दिखाई देता था और राष्ट्रगान सुनाई देता था तो हमारे खिलाड़ियों की आंखों से गौरव के आंसू बह रहे होते थे। यह होती है देशभक्ति। भारत जैसे युवा देश को दिशा देने में आप सभी युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। आने वाले कल को युवा ही गढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- खुली जीप में सवार होकर PM मोदी ने किया रोड शो, खेत-खलिहान से लेकर छतों तक उमड़ी भीड़
जो खेले वही खिले
नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हर फिल्ड में भारत का दबदबा है। दुनिया भारत को एक बड़ी शक्ति के रूप में देख रही है। मैं कहता हूं जो खेले वही खिले। मेरी आप सब युवाओं को सलाह है कि सफलता के लिए कभी कोई शॉर्टकट नहीं खोजीएगा। शॉर्टकट का रास्ता कम समय के लिए जीता है। सफलता का एक ही मंत्र है लॉग टर्म प्लानिंग और कमिटमेंट। एक जीत न हमारा अंतिम पराव हो सकती है और न एक हार। आज देश अनेक चुनौतियों के बीच बिना रुके, बिना थके और बिना झुके आगे बढ़ रहा है। हम सबको मिलकर आगे बढ़ना है।
यह भी पढ़ें- पांच राज्यों में चुनावी हार का असर: सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दे सकते हैं इस्तीफा
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.