
पुरी। लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के क्रम में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के ढेंकनाल में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की चाबी गुम होने का मामला उठाया। पीएम ने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनते ही इसके रहस्य का खुलासा किया जाएगा।
नरेंद्र मोदी ने कहा, "BJP के राज में न तो ओडिशा की सम्पता सुरक्षित है और न सांस्कृतिक धरोहर। ये तो पद्म सम्मान से पुरस्कृत अंतरयामी मिश्रा की धरती है। जिन्होंने जगन्नाथ संस्कृति को लेकर इतना काम किया है, लेकिन बीजेडी सरकार में जगन्नाथ जी का मंदिर भी सुरक्षित नहीं बचा है। पिछले 6 साल से श्री रत्न भंडार की चाबी का अतापता नहीं है।"
उन्होंने कहा, "पूरे देश की श्रद्धा, सदियों से जो पूजा होती है, जिसका मालिक खुद भगवान जगन्नाथ हैं। अरे हमारे घर की चाबी खो जाए तो भी हम मन्नत मांगते हैं प्रभु जगन्नाथ जी मेरे घर की चाबी खो गई है, कुछ मदद कीजिए और महाप्रभु जगन्नाथ की मदद से घर की चाबी घंटे-दो घंटे में मिल जाती है। 6 साल हो गए, रत्न भंडार की चाबी गुम हो गई है। इसके पीछे का बहुत बड़ा राज बीजेडी सरकार और मुख्यमंत्री को घेरा डालकर जो लोगों ने कब्जा किया है वो सीधे-सीधे जिम्मेवार हैं।"
चाबी गुम होने की जांच रिपोर्ट बीजेडी ने क्यों दबा दी?
पीएम ने कहा, "पूरा ओडिशा जानना चाहता है कि जो जांच हुई थी उसकी रिपोर्ट में ऐसा क्या है कि बीजेडी ने वो रिपोर्ट दबा दी। बीजेडी की खामोशी से लोगों का शक गहरा रहा है। मैं आज ओडिशा के लोगों को भरोसा देता हूं। ओडिशा में भाजपा सरकार बनते ही दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। भाजपा सरकार जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करेगी। महाप्रभु जगन्नाथ जी की हमारी सबसे बड़ी सेवा उसी से शुरू हो जाएगी।"
यह भी पढ़ें- पुरी में सुबह-सुबह पीएम का रोड शो, जमकर बरसे फूल, मोदी-मोदी के लगे नारे
उन्होंने कहा, "ये बहुत गंभीर घटना है, जिसमें ओडिशा के धरोहरों को लेकर संवेदनशीलता नहीं है वो धरोहरों का संरक्षण भी नहीं कर सकते। ओडिशा का तेज विकास तो ओडिशा की मिट्टी की संतान ही कर पाएगी। आप यहां भाजपा की सरकार बनाइए, भाजपा ओडिशा के बेटे या बेटी को ही ओडिशा का मुख्यमंत्री बनाएगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.