PM Modi मन की बात 71-80 Episodes: कोरोना के खिलाफ जंग से लेकर कचरे से कंचन तक, PM ने बताया क्यों खुश होगी ध्यानचंद की आत्मा

30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो प्रोग्राम मन की बात के 100वें एपिसोड (Mann Ki Baat 100th Episode) का प्रसारण होगा। इसकी शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी।

Vivek Kumar | Published : Apr 28, 2023 6:55 PM IST / Updated: Apr 29 2023, 01:32 PM IST

नई दिल्ली। 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मासिक रेडियो प्रोग्राम 'मन की बात'(Mann Ki Baat) का 100वां एपिसोड करने वाले हैं। इस कार्यक्रम में पीएम देशवासियों से अपने विचार शेयर करते हैं। वह देशभर में हो रही पॉजिटिव घटनाओं ओर प्रेरक पहलों को शेयर करते हैं। 'मन की बात' कार्यक्रम की शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी। आइए जानते हैं 'मन की बात' कार्यक्रम के 71वें से 80वें एपिसोड में पीएम ने किन बातों का जिक्र किया।

PM मोदी मन की बात, 29 नवंबर 2020-एपिसोड 71

मन की बात के 71वें एपिसोड में पीएम ने कनाडा से वापस भारत आ रही देवी अन्नपूर्णा की प्रतिमा का जिक्र किया। इसे वाराणसी के एक मंदिर से चुराकर देश से बाहर भेजा गया था। उन्होंने पक्षियों के लिए काम करने वाले डॉक्टर सलीम अली और ब्राजील के जॉनस की चर्चा की। जॉनस ब्राजील में लोगों को वेदांत और गीता पढ़ाते हैं। पीएम ने गुजरात के कच्छ में स्थित लखपत गुरुद्वारा साहिब की चर्चा की और बताया कि कैसे वहां जाने पर उन्हें असीम ऊर्जा मिलती थी। पीएम ने अरबिंदो को याद किया।

PM मोदी मन की बात, 27 दिसंबर 2020-एपिसोड 72

साल के आखिरी मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने नव वर्ष 2021 के लिए कई संकल्पों पर चर्चा की। उन्होंने देश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाने और कचरा न फैलाने की अपील की। इसके साथ उन्होंने उद्योगों और स्टार्टअप्स पर भी अपने विचार रखे। पीएम ने मन की बात में कश्मीरी केसर का भी जिक्र किया, जिसे जीआई टैग का सर्टिफिकेट मिलने के बाद दुबई के सुपर मार्किट में लॉन्च कर दिया गया।

PM मोदी मन की बात, 31 जनवरी 2021-एपिसोड 73

2020 के पहले मन की बात में पीएम ने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ी जा रही लड़ाई और टीका के मामले में भारत की आत्मनिर्भरता की चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया वैक्सीन भारत की आत्मनिर्भरता और आत्मगौरव का प्रतीक है। पीएम ने हैदराबाद के बोयिनपल्ली के सब्जी मंडी की चर्चा की। यहां खराब सब्जी से बिजली बनाई जाती है। उन्होंने केरल के दिव्यांग बुजुर्ग एन.एस. राजप्पन के बारे में बताया। वह नाव से वेम्बनाड झील जाते हैं और प्लास्टिक की बोतलें बाहर निकालते हैं। पीएम ने कहा कि 26 जनवरी की परेड में भारतीय वायुसेना की दो महिला अधिकारियों ने इतिहास रचा। उन्होंने बुंदेलखंड में स्ट्रॉबेरी की खेती और जबलपुर के चिचगांव में आदिवासी महिलाएं के चावल मिल की चर्चा की।

PM मोदी मन की बात, 28 फरवरी 2021-एपिसोड 74

पीएम ने मन की बात के 73वें एपिसोड में जल संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वालीं मध्य प्रदेश की बबीता राजपूत और उत्तराखंड के जगदीश कुनियाल की चर्चा की। पीएम ने हैदराबाद के चिंतला वेंकट रेड्डी के बारे में बताया। उन्होंने गेहूं और चावल की ऐसी प्रजातियों को विकसित किया जिसमें ‘विटामिन-डी’ अधिक है। बिहार के बेतिया के प्रमोद के बारे में बताया वह पहले LED बल्ब बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। लॉकडाउन लगा तो घर लौटना पड़ा। अब खुद अपनी फैक्ट्री चला रहे हैं। पीएम ने वाराणसी के संस्कृत महाविद्यालयों के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच की संस्कृत में की जा रही कमेंट्री से लोगों का परिचय कराया।

PM मोदी मन की बात, 28 मार्च 2021-एपिसोड 75

नरेंद्र मोदी ने आजादी के 75 साल पूरे होने पर शुरू हुए ‘अमृत महोत्सव’ की चर्चा की और बताया कि यह 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। उन्होंने मधुमक्खी पालन पर बात की और गोरैया को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयास के बारे में जानकारी दी। पीएम ने कचरे से कंचन बना रहे केरल के कोच्चि के सेंट टेरेसा कॉलेज का जिक्र किया और मेटल स्क्रैप से स्कल्पचर्स बनाने वाले आंध्र प्रदेश के प्रोफेसर श्रीनिवास पदकांडला के बारे में लोगों को बताया। पीएम ने असम के सिकारी टिस्सौ की चर्चा की। वह पिछले 20 सालों से कार्बी भाषा का डॉक्यूमेंटेशन कर रहे हैं।

PM मोदी मन की बात, 25 अप्रैल 2021-एपिसोड 76

मन की बात के 76वें एपिसोड की पूरी चर्चा को पीएम ने कोरोना महामारी पर रखा। उन्होंने कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले डॉक्टर और हेल्थ वर्कर्स से बात की। उन्होंने मुंबई के डॉक्टर शशांक जोशी, श्रीनगर के डॉक्टर नावीद नजीर शाह, रायपुर की नर्स भावना ध्रुव, बेंगलुरु की नर्स सुरेखा, एम्बुलेंस ड्राइवर प्रेम वर्मा और कोरोना से ठीक हुईं प्रीती चतुर्वेदी से बात की। पीएम ने लोगों से आग्रह किया कि वैक्सीन जरूर लगवाएं। उन्होंने ‘दवाई भी – कड़ाई भी’ का मंत्र दिया।

PM मोदी मन की बात, 30 मई 2021-एपिसोड 77

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश पूरी ताकत से COVID-19 के खिलाफ लड़ रहा है। उन्होंने कोरोना की दूसरी लहर आने पर हुई ऑक्सीजन की मांग में वृद्धि पर बात की। उन्होंने ऑक्सीजन टैंकर के ड्राइवर दिनेश उपाध्याय, ऑक्सीजन एक्सप्रेस की लोको-पायलट शिरिषा गजनी, इंडियन एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन ए.के. पटनायक और लैब टेक्नीशियन प्रकाश कांडपाल से बात की। इसके साथ ही पीएम ने अगरतला के कटहल किसानों और बिहार की शाही लीची की बात की। पीएम ने अपनी सरकार की 7 साल की उपलब्धियों पर बात की।

PM मोदी मन की बात, 27 जून 2021-एपिसोड 78

पीएम ने टोक्यो ओलंपिक की चर्चा की और मिल्खा सिंह को याद किया। टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ी प्रवीण जाधव की कहानी पीएम ने देश के लोगों को सुनाई। प्रवीण जाधव के माता-पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने महिला हॉकी टीम की सदस्य नेहा गोयल की बात की। नेहा की मां और बहनें, साइकिल फैक्ट्री में काम करती हैं। उन्होंने महिला तीरंदाज दीपिका के बारे में बताया। उनके पिता ऑटो-रिक्शा चलाते हैं और मां नर्स हैं। पीएम ने मध्य प्रदेश के सतना के रामलोटन कुशवाहा की चर्चा की। रामलोटन ने अपने खेत में म्यूजियम बनाकर सैकड़ों औषधीय पौधों और बीजों का संग्रह किया है।

PM मोदी मन की बात, 25 जुलाई 2021-एपिसोड 79

पीएम ने ‘अमृत महोत्सव’ के दौरान हुए कार्यक्रमों का जिक्र किया और लोगों से खादी व हैंडलूम प्रोडक्ट खरीदने की अपील की। उन्होंने आंध्र प्रदेश के साई प्रनीथ के बारे में लोगों को बताया। साई प्रनीथ सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह किसानों को मौसम संबंधी जानकारी स्थानीय भाषा में देते हैं। मोदी ने मणिपुर में हो रहे सेब की खेती के बारे में देशवासियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ और दक्षिण कन्नड़ जिलों में महिलाएं किस तरह केले के आटे से डोसा और गुलाब जामुन बना रहीं हैं।

PM मोदी मन की बात, 29 अगस्त 2021-एपिसोड 80

जन्म जयंती पर मेजर ध्यानचंद को याद किया और कहा कि ओलंपिक में चार दशक बाद हॉकी में पदक मिला है। इससे मेजर ध्यानचंद की आत्मा खुश होगी। उन्होंने ‘स्वच्छ भारत रैंकिंग’ में पहले नम्बर पर बने रहने के लिए इंदौर की तारीफ की। पीएम ने बिहार के मधुबनी जिले में डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय और स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा शुरू किए गए “सुखेत मॉडल” पहल पर बात की। इसमें किसानों से गोबर और कचरा लिया जाता है और रसोई गैस सिलेंडर के लिए पैसे दिए जाते हैं। गोबर और कचरा से वर्मी कम्पोस्ट बनाया जाता है। पीएम ने बताया कि कैसे तमिलनाडु में शिवगंगा जिले की कान्जीरंगाल पंचायत में कचरे से बिजली बनाई जा रही है।

ये भी पढ़ें

PM Modi मन की बात 81-90 Episodes: आदिवासी डांस से लेकर ढोलक कारोबार की परंपरा तक...जब PM Modi ने दुनिया को 'टनल मैन' के बारे में बताया

Read more Articles on
Share this article
click me!