
होशियारपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पंजाब के होशियारपुर में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने AAP के लिए कहा कि कांग्रेस की कोख से कट्टर भ्रष्टाचारी पैदा हुए हैं।
रैली में पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। 60 साल तक कांग्रेस ने जो कारनामे किए हैं। ऐसा लगता है कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में डबल पीएचडी कर ली है। अब कांग्रेस के साथ एक और कट्टर भ्रष्टाचारी पार्टी जुड़ गई है। इतना ही नहीं ये भयंकर झूठबाजी पार्टी भी है। यहां तो आमने-सामने लड़ने का ड्रामा कर रहे हैं, दिल्ली में साथ चुनाव लड़ रहे हैं। लोग भूले नहीं हैं। ये झूठबाजी पार्टी की पहली सरकार कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में बनी थी। इसने कांग्रेस से भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं।"
पीएम ने कथा सुनाकर आप पर बोला हमला
आम आदमी पार्टी को लेकर पीएम ने एक कथा सुनाई। उन्होंने कहा, "हम छोटे थे तो एक कथा सुना करते थे। वो कथा ऐसी थी कि एक गर्भवती महिला प्रसव के लिए अस्पताल गई। बेटे का जन्म हुआ। जो नर्स प्रसव करा रही थी उसकी अंगूठी कहीं खो गई। वह चारों तरफ खोजने लगी। वह रोने लगी कि मेरी अंगूठी कहां गई। जिस बच्चे का जन्म हुआ वो अपनी मुट्ठी नहीं खोल रहा था। डॉक्टरों को चिंता हुई कि बच्चा मुट्ठी क्यों नहीं खोल रहा है। अभी तो पैदा हुआ है। डॉक्टरों ने बड़े तरीके से उसकी मुट्ठी खोली, वो अंगूठी उसके मुट्ठी में थी। लोगों ने कहा ये बच्चा पैदा होते ही चोरी करता है। पता चला उसका बाप बहुत बड़ा चोर था।"
यह भी पढ़ें- अपने वोट बैंक के चलते कांग्रेस ने नहीं किया करतारपुर साहिब पर दावा, देश बांटने की है गहरी साजिश: नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी ने कहा, "भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस की कोख से ये कट्टर भ्रष्टाचारी पैदा हुए हैं। इसलिए कांग्रेस को तो भ्रष्टाचार में पीएचडी करते-करते 60 साल लगे, ये तो जन्म से ही कट्टर भ्रष्टाचारी पैदा हुए हैं। ये लोग क्या-क्या बातें करते थे। कहते थे पंजाब को नशा मुक्त करेंगे। घूम-घूमकर भाषण दिया। उड़ता पंजाब फिल्म बनी। पंजाब को बदनाम किया। सत्ता में आते ही इन्होंने नशे को ही कमाई का जरिया बना लिया। दिल्ली के शराब घोटाले को पूरी दुनिया जान गई है। इन कट्टर भ्रष्टाचारियों ने भयंकर झूठबाजों ने पंजाब को गैंगवार में झोंक दिया है। इन लोगों ने पंजाब में उद्योग और खेती, दोनों को बर्बाद कर दिया है। ये नारी उत्पीड़न में भी नंबर वन बनते जा रहे हैं। आज दिल्ली से लेकर पंजाब तक इनके कारनामे दुनिया देख रही है। इनके नेता का ठिकाना नहीं, बीपी फर्जी, नारे फर्जी और नियत में भी खोट है।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.