'कांग्रेस वाले बच्चों की टॉफी पर भी 21% टैक्स लेते थे', GST कटौती पर पीएम मोदी ने कहीं ये 10 बड़ी बातें

Published : Sep 04, 2025, 07:38 PM IST
PM Narendra Modi

सार

GST की दरें कम किए जाने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आम लोगों के रोजमर्रा के सामानों पर 5% टैक्स लगाया गया है। 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार बच्चों के टॉफी पर भी 21% टैक्स लेती थी।

GST Rate Cut: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा GST की दरें घटाने का जिक्र किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले बच्चों के टॉफी पर भी 21% टैक्स लिया जाता था।

GST कटौती पर पीएम मोदी ने कहीं ये 10 बड़ी बातें

1- अब जीएसटी और भी ज्यादा सरल हो गया है। जीएसटी के मुख्य रूप से दो ही रेट रह गए हैं। 5% और 18%. 22 सितंबर को नवरात्री के पहले दिन यह लागू हो जाएगा। नवरात्री से ही देश के करोड़ों परिवार की जरूरतें सस्ती हो जाएंगी। इस बार धनतेरस की रौनक और ज्यादा रहेगी। दर्जनों चीजों पर अब टैक्स बहुत कम हो गया है।

2- 8 वर्ष पहले जब जीएसटी लागू हुआ तो कई दशकों का सपना साकार हुआ। इसपर चर्चा पहले होती थी, काम नहीं होता था। ये आजाद भारत के सबसे बड़े आर्थिक सुधारों में से एक था। देश को अनेक तरह के टैक्स के जाल से मुक्ति दिलाई गई थी।

 

 

3- मीडिया के कुछ साथी इसे GST 2.0 कह रहे हैं, लेकिन यह असल में देश के सपोर्ट और ग्रोथ के लिए डबल डोज है। एक तरफ देश के सामान्य परिवार की बचत और दूसरी तरफ देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती। नए जीएसटी रिफॉर्म से देश के हर परिवार को बहुत बड़ा फायदा होगा।

4- गरीब, नया मिडिल क्लास, मिडिल क्लास, किसान, महिलाएं, छात्र, नौजवान सभी को जीएसटी कम करने से जबरदस्त फायदा होगा। पनीर से लेकर साबुन तक, सबकुछ पहले से सस्ता होगा। आपका महीने का खर्च कम होगा।

5- स्कूटर-कार पर भी टैक्स कम किया गया है। इसका फायदा उन नौजवानों को होगा जो अभी अपनी नौकरी शुरू कर रहे हैं।

6- अगर आप जीएसटी से पहले के टैक्स दरों को याद करें तो कल लिए गए फैसले ज्यादा सुखद लगेंगे। 2014 से पहले करीब हर सामान पर उस समय की सरकार टैक्स लगाती थी।

7- रसोई का सामान हो या खेती किसानी से जुड़ी चीजें, या दवाएं और जीवन बीमा, ऐसी अनेक चीजों पर कांग्रेस सरकार अलग-अलग टैक्स लेती थी।

8- अगर वही दौर होता तो आप 100 रुपए की कोई चीज खरीदते तो 20-25 रुपए टैक्स देना पड़ता। अब हमारा जोर इस बात पर है कि कैसे बचत ज्यादा हो।

यह भी पढ़ें- GST घटने से आम आदमी के लिए क्या? 10 सवाल-जवाब में जानें कैसे और कितना फायदा

9- कांग्रेस की सरकार टूथ पेस्ट, साबुन, हेयर ऑयल, इनपर 27% टैक्स लेती थी। खाने के प्लेट, चम्मच, ऐसे सामान पर 18%-28% टैक्स होता था। टूथ पाउडर 17% टैक्स। रोजमर्रा की ऐसी हर चीज पर उस कांग्रेस के जमाने पर इतना टैक्स लगता था।

10- हालत यह थी कि कांग्रेस वाले बच्चों की टॉफी पर भी 21% टैक्स लेते थे। साइकल पर 17% और सिलाई मशीन पर 16% टैक्स लगता था। अब ऐसे हर सामान और सेवा पर 5% टैक्स लगता है।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Read more Articles on

Recommended Stories

कौन हैं NIA के नये मुखिया राकेश अग्रवाल? जानिए इनका पूरा ट्रैक रिकॉर्ड
Odisha Crime: खेलती बच्ची को बहलाकर ले गया दादा, फिर जो हुआ उसने सबको हिला दिया