ट्रम्प 42 मिनट तक बोले, कहा, दिल्ली हिंसा पर मोदी से नहीं हुई चर्चा, CAA भारत का अंदरूनी मामला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दो दिवसीय दौरे पर भारत में हैं। दूसरे दिन उन्होंने 42 मिनट तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, भारत में दो दिन शानदार गुजरे। पीएम मोदी एक शानदार इंसान हैं। पीएम मोदी से सकारात्मक बातें हुईं। भारत के साथ रक्षा सौदा हुआ। 

Asianet News Hindi | Published : Feb 25, 2020 12:14 PM IST / Updated: Feb 25 2020, 06:42 PM IST

नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दो दिवसीय दौरे पर भारत में हैं। दूसरे दिन उन्होंने 42 मिनट तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ट्रम्प ने कहा, भारत में दो दिन शानदार गुजरे। पीएम मोदी एक शानदार इंसान हैं। उनसे सकारात्मक बातें हुईं। भारत के साथ रक्षा सौदा हुआ। भारत, अमेरिका से की सैन्य उपकरण खरीद रहा है। भारत के साथ संबंध और बढ़ाना चाहते हैं। 

सीएए और दिल्ली हिंसा पर क्या कहा?

ट्रम्प ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा और सीएए पर कहा, हमने धार्मिक स्वतंत्रता के बारे में बात की। पीएम मोदी ने कहा कि वे चाहते हैं कि लोगों को धार्मिक स्वतंत्रता मिले। उन्होंने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। मैंने व्यक्तिगत हमलों के बारे में सुना लेकिन इसकी चर्चा नहीं की। भारत धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर सही काम कर रहा है।

कश्मीर पर ट्रम्प ने क्या कहा?

कश्मीर के मुद्दे को लेकर दोनों देश काम कर रहे हैं। जहां तक कश्मीर के ऊपर मध्यस्थता का सवाल है अगर हमसे कहा जाएगा तो हम मध्यस्ता के प्रयासों के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री मोदी एक मजबूत पर शांत शख्स हैं और समस्याओं को हल करने को लेकर उनका अपना एक नजरिया है।

पाकिस्तान पर ट्रम्प ने क्या कहा?

पाकिस्तान पर डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, इमरान खान से मेरे अच्छे संबंध हैं। मेरे प्रधानमंत्री मोदी से भी अच्छे संबंध हैं। भारत चाहता है कि कि अफगानिस्तान शांति समझौता किया जाए। 

मुस्लिम समुदाय पर ट्रम्प ने क्या कहा?

ट्रम्प ने भारत में मुस्लिम समुदाय पर कहा, भारत में मुस्लिम समुदाय के साथ भारत की सरकार मिलकर काम कर रही है। यहां इस समय 20 करोड़ मुस्लिम हैं, जबकि कुछ समय पहले यहां 14 करोड़ मुस्लिम थे। प्रधानमंत्री मोदी सबकी धार्मिक स्वतंत्रता चाहते हैं और इस दिशा में काम हो रहा है।

370 पर ट्रम्प ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, मैंने आर्टिकल 370 को लेकर कुछ नहीं कहा था। मैंने सिर्फ यही कहा था कि कश्मीर एक बड़ी समस्या है। मैं यहां के नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भी कुछ नहीं कहना चाहता हूं। यहां की सरकार जानती है कि क्या करना चाहिए? मेरी इसपर पीएम मोदी से बात नहीं हुई।

भारत दौरे पर ट्रम्प ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, हमने भारत में बहुत अच्छा समय बिताया।हमारी बैठकें शानदार रहीं। यह एक शानदार देश है। मुझे लगता है कि यहां के लोगों ने हमें जितना पसंद किया, उतना पहले कभी नहीं किया होगा।

मोदी पर ट्रम्प ने क्या कहा?

ट्रम्प ने कहा, भारत के प्रधानमंत्री और मेरे बीच एक बहुत अच्छा रिश्ता है। मोदी एक बेहतरीन इंसान हैं। भारत में दो दिन शानदार गुजरे हैं और दोनों देशों के बीच रक्षा सौदा हुआ है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी ने शानदार तरीके से हमारा आदर सत्कार किया और हम इससे बेहद प्रभावित हैं।

कोरोना वायरस पर ट्रम्प ने क्या कहा?

ट्रम्प ने कोरोना वायरस पर कहा, कोरोना वायरस को लेकर चिंताएं जारी हैं, लेकिन अमेरिका में इसे लेकर कोई चिंता नहीं है। अमेरिका में स्थिति नियंत्रण में है और एक जहाज पर कुछ लोग इसके संक्रमण से ग्रसित हैं लेकिन उन्हें अलग-थलग रखा गया है।

H1B1 वीजा पर ट्रम्प ने क्या कहा?
H1B1 वीजा पर ट्रम्प ने कहा, इसे लेकर पीएम मोदी से बीतचीत हुई। हम इसपर मिलकर काम करेंगे। 

Share this article
click me!