
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम की यात्रा करने वाले हैं। शाम को वह गुवाहाटी के सुरसजई स्टेडियम में आयोजित मेगा बिहू उत्सव में हिस्सा लेंगे। इस दौरान पीएम के सामने 11 हजार कलाकार बिहू नृत्य करेंगे। इसके साथ ही नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनेगा।
दरअसल, भारत की सांस्कृतिक विविधता और त्योहारों का जश्न मनाने में पीएम आगे रहते हैं। गुरुवार को वह तमिल नववर्ष समारोह में शामिल हुए थे। पिछले सप्ताह ईस्टर के मौके पर नरेंद्र मोदी दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च गए थे।
पीएम ने उगादी समारोह में लिया था हिस्सा
मार्च में पीएम ने पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू द्वारा आयोजित उगादी समारोह में हिस्सा लिया था। फरवरी में उन्होंने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 'बरिसू कन्नड़ दिम दिमावा' सांस्कृतिक उत्सव का उद्घाटन किया था। नवंबर 2022 में नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी की जयंती समारोह में भाग लिया था। दिल्ली में इस कार्यक्रम का आयोजन गुरु नानक जयंती की पूर्व संध्या पर इकबाल सिंह लालपुरा के घर पर किया गया था। नवंबर में ही पीएम ने वीडियो मैसेज के जरिए मणिपुर संगाई महोत्सव को संबोधित किया था।
कुल्लू दशहरा देखने गए थे पीएम
अक्टूबर 2022 में नरेंद्र मोदी कुल्लू दशहरा देखने हिमाचल प्रदेश के ढालपुर मैदान पहुंचे थे। सितंबर 2022 में उन्होंने अपने गृहराज्य गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित नवरात्रि महोत्सव में हिस्सा लिया था। पीएम ने अगस्त 2022 में गणेश चतुर्थी समारोह में भाग लिया था। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के घर पर किया गया था। नरेंद्र मोदी ने मई 2022 में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में महापरिनिर्वाण स्तूप में पूजा-अर्चना की थी। वह भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी (नेपाल में) भी गए थे।
यह भी पढ़ें- आज असम की यात्रा पर जाएंगे PM, देंगे 14,300 करोड़ की सौगात, करेंगे एम्स गुवाहाटी का उद्घाटन
पिछले साल अप्रैल में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के घर पर बिहू समारोह आयोजित किया गया था। इसमें पीएम पहुंचे थे। फरवरी 2022 में रविदास जयंती पर पीएम दिल्ली स्थित गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर गए थे। इससे पहले वह वाराणसी में देव दीपावली महोत्सव में शामिल हुए थे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.