
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को केरल के तिरुवनंतपुरम विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) पहुंचे। उन्होंने इसरो के गगनयान मिशन में हो रही प्रगति की जानकारी ली। पीएम ने गगनयान मिशन द्वारा अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के नामों का ऐलान किया। ये अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालाकृष्णण नायर, अजीत कृष्णण, अंगद प्रताप और शुभांशु शुक्ला हैं। पीएम ने अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस विंग दिया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “मुझे खुशी है कि आज इन अंतरिक्ष यात्रियों से मिलने और उन्हें देश के सामने पेश करने का मौका मिला। मैं पूरे देश की ओर से उन्हें बधाई देना चाहता हूं। आप आज के भारत का गौरव हैं।” प्रधानमंत्री ने मीडिया से अपील की कि अंतरिक्ष यात्रियों को अपने मिशन से भटकने नहीं दें। उन्हें अपने ट्रेनिंग पर फोकस करने दें। पीएम ने कहा कि ये आज से देश के नए सेलिब्रिटी बन गए हैं।
एस सोमनाथ ने पीएम को दी मिशन गगनयान की जानकारी
पीएम के साथ केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और राज्य मंत्री मुरलीधरन भी VSSC पहुंचे हैं। इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने पीएम को मिशन गगनयान को लेकर हो रहे काम की जानकारी दी। पीएम ने स्पेस सेक्टर को बढ़ावा देने वाली तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये प्रोजेक्ट्स सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा में PSLV एकीकरण सुविधा, महेंद्रगिरि के इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में नई 'सेमी-क्रायोजेनिक्स इंटीग्रेटेड इंजन और स्टेज टेस्ट सुविधा और VSSC तिरुवनंतपुरम में 'ट्राइसोनिक विंड टनल' हैं। इन्हें तैयार करने में करीब 1800 करोड़ रुपए लागत आई है। नरेंद्र मोदी तिरुवनंतपुरम में भाजपा की राज्य इकाई द्वारा आयोजित 'पदयात्रा' के समापन समारोह को संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें- प्रशांत नायर, अजीत कृष्णण, अंगद प्रताप, शुभांशु शुक्ला, ये हैं गगनयान के अंतरिक्ष यात्रियों के नाम
केरल के बाद नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा के लिए तमिलनाडु जाएंगे। प्रधानमंत्री तमिलनाडु में 17,300 करोड़ रुपए से अधिक की कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.