
नई दिल्ली। 2019 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने 21 बार विदेश यात्रा की है। इन यात्राओं पर 22.76 करोड़ रुपए खर्च हुए। केंद्र सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि राष्ट्रपति ने 2019 के बाद से अब तक आठ बार विदेश यात्रा की है। इसपर 6.24 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की विदेश यात्रा पर सरकार ने 6,24,31,424 रुपए और प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा पर 22,76,76,934 रुपए खर्च किए।
विदेश मंत्री ने 86 बार की विदेश यात्रा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 2019 के बाद से 86 बार विदेश यात्रा की है। 2019 के बाद से प्रधानमंत्री तीन बार जापान गए हैं। उन्होंने अमेरिका और UAE की दो बार यात्रा की है। राष्ट्रपति द्वारा की गई आठ में से सात विदेश यात्रा पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने की है। वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक बार विदेश गईं हैं। उन्होंने पिछले साल सितंबर में यूके की यात्रा की थी।
असम में कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को असम के बारपेटा जिले में कीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पीएमओ की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार वह वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे। विश्व शांति के लिए कृष्णगुरु सेवाश्रम में कृष्णगुरु एकनाम अखंड कीर्तन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। एक महीने तक चलने वाले कीर्तन की शुरुआत 6 जनवरी को हुई थी। बता दें कि 1974 में परमगुरु कृष्णगुरु ईश्वर ने नसात्रा गांव में आश्रम की स्थापना की थी। परमगुरु कृष्णगुरु ईश्वर महावैष्णव मनोहरदेव के नौवें वंशज थे। महावैष्णव मनोहरदेव वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के अनुयायी थे।
यह भी पढ़ें- पत्नी को लेबर पेन हुआ तो हॉस्पिटल ले जा रहा था पति, हादसे में दोनों की मौत, बच्चे की किलकारी के बदले मची चीख-पुकार
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.