
नई दिल्ली (New Delhi). कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयांनद के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की की रंगदारी के आरोप में गिरफ्तारी को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला और तंज कसते हुए कहा कि यह भाजपा का न्याय है।
प्रियंका ने किया ट्वीट
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘उन्नाव बलात्कार मामला: पीड़िता के पिता की हत्या। पीड़िता के चाचा गिरफ़्तार। भारी जन दबाव के बाद घटना के 13 महीने बाद आरोपी विधायक गिरफ़्तार। पीड़िता के परिवार को जान से मारने की कोशिश।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शाहजहाँपुर बलात्कार मामला: पीड़िता गिरफ्तार। पीड़िता के परिवार पर दबाव। आरोपी भाजपा नेता को पुलिस ने जन दबाव पड़ने के बाद गिरफ़्तार किया। आरोपी भाजपा नेता पर अब तक बलात्कार का आरोप तक नहीं लगाया। वाह रे भाजपा का न्याय?’’
रंगदारी के आरोप में पिड़िता को किया गया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि चिन्मयानंद पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली 23 वर्षीय छात्रा को उनसे पांच करोड़ रूपये की रंगदारी मांगने के आरोप में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.