
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को संसद में ऐसा आचरण किया, जिसकी कोई उम्मीद भी नहीं कर सकता था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद स्मृति ईरानी को फ्लाइंग किस दिया। राहुल गांधी के बाद लोकसभा में बोल रहीं स्मृति ईरानी ने इसपर आपत्ति दर्ज कराई।
स्मृति ईरानी ने कहा, "एक बात पर आपत्ति दर्ज करती हूं अध्यक्ष जी। जिनको आज मुझसे पहले बोलने का मौका मिला। उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन यहां दिए। केवल एक महिला द्वेषी व्यक्ति ही संसद में महिला सदस्य को फ्लाइंग किस दे सकता है। देश की संसद में ऐसा अमर्यादित आचरण पहले कभी नहीं देखा गया।"
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे बोलीं-राहुल गांधी ने महिलाओं के साथ किया दुर्व्यवहार
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद शोभा करंदलाजे ने कहा, "राहुल गांधी ने स्मृति ईरानी और सभी महिला सांसदों की ओर फ्लाइंग किस दिया। इसके बाद वे चले गए। यह एक सांसद के साथ सरासर दुर्व्यवहार है। यह एक सदस्य का अनुचित और अशोभनीय व्यवहार है। वरिष्ठ सदस्य बता रहे हैं कि भारत के संसद के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। यह पहली बार हुआ कि एक सदस्य महिला सांसदों को फ्लाइंग किस दे रहा है। यह कैसा व्यवहार है? वह किस तरह के नेता हैं? इसलिए हमने आज लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की है। हमारी मांग है कि सीसीटीवी कैमरे का फुटेज लिया जाए और आरोपी सांसद के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह हम सभी महिला सांसदों की मांग है।"
रवि शंकर प्रसाद ने पूछा- क्या हो गया है राहुल गांधी को?
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "फ्लाइंग किस करते हैं। क्या हो गया है राहुल गांधी को? इतनी महिलाएं बैठी हुईं हैं। मतलब उन्हें कोई तमीज नहीं है क्या? बहुत पीड़ा हुई है। बाकी उनका भाषण क्या था। भारत माता की हत्या कर दी। राहुल गांधी आप चीन से दोस्ती की बात करें, फंडिंग लें। भारत माता अजेय और अमर है। आपको भारत माता की साख कौन बताएगा।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.