
नई दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन को लेकर एक बार फिर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने 3 मिनट 38 सेकंड का वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने असंगठित अर्थव्यवस्था पर आक्रमण किया है। आपको गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है।
राहुल ने बताया, 2008 में आर्थिक तूफान आया। यह तूफान अमेरिका, यूरोप, जापान और चीन सब जगह आया। अमेरिका-यूरोप के बैंक गिर गए, कंपनियां बंद हुईं। लेकिन हिंदुस्तान को कुछ नहीं हुआ। मैंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से पूछा कि पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी है। भारत को कोई असर क्यों नहीं हुआ।
भारत में दो तरह की अर्थव्यवस्थाएं
राहुल ने कहा, इस सवाल पर मनमोहन सिंह ने बताया, अगर हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को समझना है तो ये समझना होगा कि भारत में दो अर्थव्यवस्थाएं हैं। पहली संगठित और असंगठित अर्थव्यवस्था। संगठित में बड़ी कंपनियां आती हैं। वहीं, असंगठित में किसान, छोटे व्यापारी, मजदूर, छोटी कंपनियां। जिस दिन तक ये सिस्टम मजबूत है। तब तक कोई आर्थिक तूफान भारत की अर्थव्यवस्था को छू नहीं सकता।
असंगठित क्षेत्र का पैसा हड़पना चाहती है मोदी सरकार
राहुल ने कहा, अब आज की स्थिति की बात करते हैं। पिछले 6 साल से भाजपा सरकार ने असंगठित अर्थव्यवस्था पर आक्रमण किया है। नोटबंदी, गलत जीएसटी और लॉकडाउन। ये मत सोचिए कि लॉकडाउन के पीछे सोच नहीं थी। आखिरी समय पर इसका फैसला किया गया है। इन तीनों का लक्ष्य हमारे असंगठित क्षेत्र को खत्म करने का है। पीएम मोदी को अगर सरकार चलानी है तो मीडिया और मार्केटिंग की जरूरत है। असंगठित क्षेत्र में पैसा है। लाखों-करोड़ों रुपए, इसे ये लोग छू नहीं सकते। इसलिए इसे ये तोड़ना चाहते हैं। पैसा हड़पना चाहते हैं। इसका नतीजा आएगा कि हिंदुस्तान में रोजगार पैदा नहीं होगा। इसका कारण है कि असंगठित क्षेत्र 90% रोजगार देता है।
जिस दिन ये सेक्टर खत्म हो जाएगा, उस दिन भारत रोजगार पैदा नहीं कर पाएगा। आप ही देश को चलाते हैं, आगे ले जाते हैं। आप ही को ठगा जा रहा है। आपको गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। हमें इस आक्रमण को पहचानना होगा और पूरे देश को इसके खिलाफ लड़ना होगा।
राहुल ने वीडियो किया शेयर
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.