India Republic Day Parade 2025 LIVE Updates: आज भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। मुख्य समारोह नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर हो रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हैं। विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 10,000 विशेष अतिथि परेड में भाग ले रहे हैं। ये 'स्वर्णिम भारत' के निर्माताओं का प्रतिनिधित्व करेंगे। परेड सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रीय युद्ध स्मारक गए।

12:24 PM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस समारोह के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के पास पहुंचे। उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।
12:22 PM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस परेड का समापन इंडियन एयर फोर्स के राफेल फाइटर जेट के वर्टिकल चार्ली के साथ हुआ। एक राफेल विमान 900 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की गति से आया और उसने सीधे ऊपर की ओर उड़ान भरी।
12:08 PM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 परेड के दौरान एक साथ 6 राफेल फाइटर जेट उड़ान भरते नजर आए। इसके बाद त्रिशूल फॉर्मेशन में तीन सुखोई विमान उड़ते हुए आए।
12:06 PM (IST) Jan 26
भारतीय वायुसेना के पुराने लड़ाकू विमान जगुआर अमृत फॉर्मेशन में आए। पांच विमान एक साथ उड़ान भर रहे थे।
12:05 PM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में भारतीय वायु सेना के दो सुखोई 30 एमकेआई फाइटर जेट नौसेना के विमान के साथ उड़ान भरते हुए आए। इसके बाद दो सुखोई विमान सी 17 विमान के साथ दिखे।
12:00 PM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में अमेरिका से खरीदे गए अपाचे हेलीकॉप्टरों ने अपना दम दिखाया है। इन्हें हवा में उड़ने वाला टैंक भी कहा जाता है।
11:28 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में महाकुंभ की झांकी दिखी। इसमें समुद्र मंथन दिखाया गया। बिहार की झांकी में नालंदा विश्वविद्यालय को ज्ञान के केंद्र के रूप में दिखाया गया।
11:14 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में बीएसएफ के जवान ऊंट पर सवार होकर आए। ऊंटों को बेहद खास परिधानों से सजाया गया था। राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके में ऊंट सीमा की रखवाली में बहुत काम आते हैं।
11:07 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार प्रलय मिसाइल का प्रदर्शन किया गया है। इसे डीआरडीओ ने विकसित किया है। 150-500 किलोमीटर रेंज वाले इस मिसाइल को सीमा पर तैनात किया गया है।
11:03 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 परेड में वायुसेना के मार्चिंग दस्ते से साथ Mig 29 विमानों ने उड़ान भरी। दो इंजन वाला यह रूसी विमान हवाई लड़ाई में बेहद खास है। यह बेहद तेज और फुर्तीला फाइटर जेट है।
10:52 AM (IST) Jan 26
परेड में भारत का स्वदेशी आकाश मिसाइल सिस्टम दिखा है। यह सतह से हवा में मार करने वाला मिसाइल है। इसका इस्तेमाल हवाई हमले को रोकने में होता है।
10:50 AM (IST) Jan 26
परेड में भारत के सुपर सोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का प्रदर्शन किया गया है। इसने सबका ध्यान अपनी ओर खिंचा। उसके बाद पिनाका रॉकेट सिस्टम आया।
10:48 AM (IST) Jan 26
इंडोनेशिया के जवानों ने परेड किया है। इसके बाद टी-90 टैंक, नाग मिसाइल सिस्टम और सेना के ऑल टरेन व्हीकल परेड में दिखे।
10:39 AM (IST) Jan 26
वायुसेना के Mi-17 हेलीकॉप्टरों ने कर्तव्य पथ पर फूलों की बारिश की है। चार हेलीकॉप्टर ध्वज फॉर्मेशन में आए। सबसे आगे के हेलीकॉप्टर पर तिरंगा झंडा लगा था। उसके बाद के हेलीकॉप्टर तीनों सेनाओं के झंडे के साथ थे।
10:37 AM (IST) Jan 26
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर तिरंगा झंडा फहराया। इसके साथ ही सेना के जवानों ने 21 तोपों की सलामी दी। इसके बाद परेड की शुरुआत हुई।
10:31 AM (IST) Jan 26
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर पहुंच गईं हैं। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले से मौजूद थे। उन्होंने राष्ट्रपति का स्वागत किया। नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो को गले लगाया।
10:21 AM (IST) Jan 26
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ जाने के लिए राष्ट्रपति भवन से निकलीं हैं। उनके साथ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो भी हैं। दोनों खास बग्घी में सवार होकर निकले हैं। उनके साथ राष्ट्रपति के अंगरक्षक घोड़ों पर सवार होकर चल रहे हैं।
10:10 AM (IST) Jan 26
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे और शहीद जवानों को श्रद्धांजली दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया। नरेंद्र मोदी केसरिया साफा पहने नजर आए।
09:45 AM (IST) Jan 26
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया है। सीमा पर सेना के जवानों ने तिरंगा झंडा फहराकर गणतंत्र दिवस मनाया है।
08:54 AM (IST) Jan 26
आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) प्रमुख मोहन भागवत ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के ठाणे के भिवंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
08:23 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस 2025 के चलते दिल्ली में हाई अलर्ट है। अर्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही 70 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। चेहरे की पहचान करने वाले 2,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
07:58 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग कर्तव्य पथ पर पहुंच गए हैं। लोग अपने-अपने टिकट या पास के अनुसार सीट अपनी सीट पर बैठ रहे हैं।
07:54 AM (IST) Jan 26
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने संविधान बनाने वाले सभी महान विभूतियों को नमन किया है।
07:11 AM (IST) Jan 26
गणतंत्र दिवस को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस द्वारा जगह-जगह गाड़ियों की जांच की जा रही है।
07:07 AM (IST) Jan 26
परेड में भारतीय नौसेना दिखाएगी कि वह कितनी आत्मनिर्भर है। वायु सेना के 40 विमान फ्लाई-पास्ट करेंगे। 'डेयर डेविल्स' द्वारा बाइक पर अनोखे स्टंट किए जाएंगे। समारोह का समापन राष्ट्रगान और संविधान के 75 साल पूरे होने के प्रतीक गुब्बारे छोड़ने के साथ होगा।
07:05 AM (IST) Jan 26
झंडा फहराए जाने के बाद 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। परेड में इंडोनेशियाई सैन्य टुकड़ियां भाग लेंगी। परेड में टी-90 टैंक, ब्रह्मोस मिसाइल और मल्टी-लॉन्च सिस्टम दिखेंगे। तीनों सेनाओं की एक झांकी भी आकर्षण का केंद्र होगी।