
Trainee Doctor rape and murder case: आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर रेप व मर्डर केस में आरोपी संजय राय को दोषी करार दिया गया है। सीलदह कोर्ट सोमवार को संजय राय के सजा का ऐलान करेगा। संजय राय को दोषी करार दिए जाने के बाद उसकी मां मालती रॉय ने कहा कि अगर वह दोषी है तो मुझे उसके लिए कोई अफसोस नहीं है, भले ही उसे फांसी पर ही क्यों न चढ़ा दिया जाए।
संजय रॉय की मां मालती रॉय ने कहा कि अगर उनका बेटा वास्तव में दोषी है तो उसे सजा भुगतना चाहिए,भले ही इसका मतलब मौत की सजा ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि वह कोर्ट के फैसले को स्वीकार कर रही हैं तो इसका मतलब कोर्ट में उसका अपराध साबित हुआ है। लेकिन बताया जा रहा है कि इस घटना में और लोग भी शामिल थे। ऐसे में उनको पूरा विश्वास है कि सभी लोगों के नाम सामने आएंगे और कोर्ट निष्पक्ष फैसला देगा।
मालती रॉय ने पीड़िता के परिजन के प्रति भी सहानुभूति जतायी है। उन्होंने कहा कि वह उनकी पीड़ा और दर्द को महसूस कर सकती हैं। पीड़िता की तरह उनकी भी एक बेटी थी जिसका एक साल पहले निधन हो गया था।
संजय की मां, सीलदह कोर्ट से करीब 5 किलोमीटर दूर रहती हैं लेकिन फैसले वाले दिन उनका कोर्ट जाने को लेकर संशय है। वह कहती हैं कि अगर उस पर लगे आरोप झूठे पाए जाते तो वह खराब सेहत के बाद भी वहां जाने की कोशिश करती लेकिन अब क्या फायदा।
संजय रॉय की बहन उसके बचपन को याद करते हुए एक सामान्य व्यक्ति की बताती हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि शराब ने उसको बिगाड़ दिया। हालांकि, उसने दावा किया कि उसने संजय के महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने की कोई घटना कभी नहीं सुनी। उसकी बहन ने सवाल किया कि क्या अपराध में अन्य लोग शामिल थे और पूरी जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा: 'मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि संजय अपराध स्थल पर अकेला नहीं था। इसलिए मुझे उम्मीद है कि इस तरह के अपराध में केवल एक व्यक्ति की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच पूरी तरह से की गई होगी। अगर अन्य लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल थे तो इसकी भी जांच होनी चाहिए और उन्हें कानून के कटघरे में लाया जाना चाहिए।'
संजय रॉय पर बीएनएस धारा 64, 66 और 103/1 के तहत आरोप लगाए गए हैं। उसे क्या सजा दी जाए इसकी घोषणा सोमवार को कोर्ट करेगा। दरअसल, इस घटना ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया था। पूरे देश में इसको लेकर आक्रोश पनपा था। अब सबकी निगाहें कोर्ट द्वारा किए जाने वाले सजा के ऐलान पर है। उधर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और FAIMA डॉक्टर्स एसोसिएशन ने आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
यह भी पढ़ें:
मानवता के इतिहास में दर्ज हुए वे 13 मिनट, हैदराबाद मेट्रो और 13 किलोमीटर का सफर
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.