सभी अर्द्धसैनिक बलों के मुकाबले RPF में हैं सबसे ज्यादा महिलाएं, फिर भी सिर्फ 10% है भागीदारी

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कुल कर्मियों में 10 प्रतिशत महिलाएं हैं और तमाम केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में आरपीएफ अब नंबर एक स्थान पर है।

Asianet News Hindi | Published : Jan 7, 2020 3:54 PM IST

नई दिल्ली. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कुल कर्मियों में 10 प्रतिशत महिलाएं हैं और तमाम केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में आरपीएफ अब नंबर एक स्थान पर है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मार्च 2019 तक, अधिकतम महिला कर्मी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में थीं जहां कुल कर्मियों में महिलाओं की संख्या 5.55 प्रतिशत थी। सीआईएसएफ के 1,56,013 कर्मियों में से केवल 8,588 महिलाएं हैं।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में 2,96, 382 कर्मी थे जिनमें से 7,824 या महज 2.64 प्रतिशत महिलाएं हैं। वहीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में कुल 80,000 कर्मी हैं जहां 2,000 महिलाएं हैं जो बल का कुल 2.5 प्रतिशत है और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कुल 98,000 कर्मियों में से केवल 1,817 महिलाएं हैं जो 1.85 प्रतिशत है।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कुल 2,45,000 कर्मी हैं जिनमें से महज 5,129 यानि 2.12 प्रतिशत महिला कर्मी हैं। जहां अन्य अर्द्धसैनिक बल केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन हैं वहीं आरपीएफ रेल मंत्रालय के तहत आता है।

आरपीएफ के महानिदेशक अरुण कुमार ने कहा, "2019 में हुई नियुक्तियों के साथ, आरपीएफ में अब महिला कर्मियों की संख्या कुल 10 प्रतिशत है जो इसे अधिकतम महिला कर्मी वाला अर्द्धसैनिक बल बनाता है।"

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

Share this article
click me!