
नई दिल्ली। रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए हमले (Russia Ukraine war) के चलते यूक्रेन में हजारों भारतीय फंस गए थे। इनमें सबसे अधिक संख्या छात्रों की है। भारत सरकार छात्रों को सुरक्षित लाने के लिए ऑपरेशन गंगा चला रही है। 3352 छात्रों को यूक्रेन से भारत लाया गया है। अगले 24 घंटों में 15 विमान यूक्रेन से छात्रों को लेकर भारत आएंगे। आज देर रात से लेकर गुरुवार सुबह तक भारतीय वायु सेना के चार विमान करीब 800 भारतीयों को लेकर दिल्ली स्थित हिंडन एयरबेस लौटेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि एडवाइजरी जारी होने के बाद से कुल 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं। यूक्रेन में फंसे शेष छात्रों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ानें बढ़ा दी गई हैं। यूक्रेन छोड़ने वाले छात्रों में कुछ ऐसे भारतीय भी शामिल हैं जिन्होंने पहले कीव में भारतीय दूतावास में पंजीकरण नहीं कराया था।
पिछले 24 घंटों के दौरान ऑपरेशन गंगा के तहत छह उड़ानें भारत में उतरी हैं, जिससे कुल उड़ानों की संख्या 15 हो गई है। इनमें से 8 उड़ानें बुखारेस्ट से, 5 बुडापेस्ट से और 2 रजेस्जो से थीं। इन उड़ानों से लौटने वाले भारतीयों की कुल संख्या 3,352 है। इनमें से 1796 को रोमानिया, 430 को पोलैंड और 1126 को हंगरी से निकाला गया। अगले 24 घंटों में 15 उड़ानें निर्धारित हैं, जिनमें से कई पहले से ही रास्ते में हैं।
यूक्रेन की दी गई मानवीय सहायता
भारतीय वायु सेना (IAF) ऑपरेशन गंगा में शामिल हो गई है। बुखारेस्ट से पहली C-17 उड़ान के आज रात बुखारेस्ट से दिल्ली लौटने की उम्मीद है। बुडापेस्ट, रजेस्जो और बुखारेस्ट से आज IAF की तीन और उड़ानें शुरू की जाएंगी। यूक्रेन को दवाइयों, चिकित्सा उपकरण, टेंट, कंबल, सोलर लैंप और अन्य सामग्री के रूप में मानवीय सहायता किश्तों में भेजी जा रही है। दवाओं से युक्त 2 टन वजन की पहली किश्त 1 मार्च को पोलैंड के माध्यम से भेजी गई थी। तीन और किश्तें (टेंट, कंबल, स्लीपिंग मैट आदि -16x2 टन) 2 मार्च को IAF की उड़ान द्वारा रोमानिया और पोलैंड के माध्यम से भेजी गई।
यह भी पढ़ें- रूस के राष्ट्रपति पुतिन से PM Modi ने की बात, यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने पर हुई चर्चा
विदेश मंत्रालय का नियंत्रण कक्ष और यूक्रेन, पोलैंड, रोमानिया, हंगरी व स्लोवाक गणराज्य में भारतीय दूतावासों द्वारा संचालित नियंत्रण केंद्र 24x7 आधार पर काम कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष को 9,874 कॉल आए हैं। रोमानिया में भारत का दूतावास मोल्दोवन अधिकारियों के साथ समन्वय में मोल्दोवा के माध्यम से ओडेसा (यूक्रेन) में फंसे भारतीय नागरिकों को बुखारेस्ट (रोमानिया) ला रहा है। मोल्दोवा में हवाई क्षेत्र बंद है, इसलिए भारतीयों को बुखारेस्ट भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- यूक्रेन में फंसे पाकिस्तान और तुर्की के छात्र भी जान बचाने के लिए लहरा रहे तिरंगा
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.