
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) की तबियत बिगड़ गई है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद से वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं। सत्येंद्र को दिल्ली के सफदरगंज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सत्येंद्र जैन के वकील से मिली जानकारी के अनुसार जेल में रहने के दौरान सत्येंद्र का वजन 35 किलोग्राम कम हो गया है।
AAP ने कहा- जनता देख रही जुल्म
सत्येंद्र जैन की खराब स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी ने कहा कि जनता सब देख रही है। आप ने ट्वीट किया, "स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति लाने की सजा काट रहे सत्येंद्र जैन के स्वास्थ्य में काफी गिरावट आई है। दिल्ली और देश की जनता इस अत्याचार और जुल्म को देख रही है। ईश्वर ईमानदार सत्येंद्र जैन को प्रताड़ित करने की सजा जरूर देंगे। हम भगत सिंह के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं। ईश्वर और देश की जनता इस लड़ाई में हमारे साथ हैं।"
मालिश कराने और शाही भोजन के वीडियो आए थे सामने
कुछ महीने पहले सत्येंद्र जैन द्वारा जेल में मालिश कराने और शाही भोजन करने के वीडियो सामने आए थे। मामले के तूल पकड़ने के बाद जैन को मिल रही सुविधाएं बंद कर दी गईं। पिछले दिनों जैन ने जेल अधीक्षक से गुहार लगाई थी कि कुछ कैदियों को उनके सेल में भेजा जाए ताकि बातचीत कर सकें और अकेलापन दूर हो। अधीक्षक ने दो कैदियों को भेजा था, जिसके चलते उन्हें नोटिस मिला था।
सत्येंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग मामले हुए थे गिरफ्तार
सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने मई 2022 में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह तिहाड़ जेल में बंद हैं। गिरफ्तार किए जाने से पहले वह अरविंद केजरीवाल सरकार में स्वास्थ्य और जेल विभाग के मंत्री थे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.