
मुंबई. सुशांत सिंह राजपूत केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आर्थिक पहलुओं की जांच में जुटी है। इसी के चलते ईडी ने सोमवार को सुशांत सिंह की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया। रिया के साथ उनके भाई शोविक और पिता इंद्रजीत भी ईडी दफ्तर पहुंचे। ईडी ने रिया और शोविक को आमने सामने बैठाकर पूछताछ की। वहीं, जांच एजेंसी ने पिता से पूछा कि उन्होंने रिया को कब कितनी आर्थिक मदद की। इससे पहले रिया से शुक्रवार को जांच एजेंसी ने 8 घंटे पूछताछ की थी। इससे पहले ईडी ने सुशांत की बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी को भी पूछताछ के लिए बुलाया। सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ भी ईडी दफ्तर पहुंचे हैं।
मीडिया ने मुझे दोषी ठहरा दिया है- रिया
रिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। उन्होंने कहा, इस मुद्दे को मीडिया में बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया है। मीडिया इस मामले में गवाहों से जिरह और बहस कर रही है। याचिका में कहा गया है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में कोई आरोप लगने से पहले ही मीडिया ने रिया चक्रवर्ती को दोषी ठहरा दिया है।
सुशांत सिंह राजपूत का शव 14 जून को उनके कमरे में फांसी पर लटका मिला था। मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया। हालांकि, सुशांत सिंह के परिजन और रिश्तेदार इसे हत्या बता रहे हैं और सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। बिहार सरकार की सिफारिश पर गृह मंत्रालय ने इस मामले में सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं। सीबीआई आज सुशांत के पिता का बयान लेगी। वहीं, ईडी भी इस मामले में जांच कर रही है।
फोटो- अपने भाई के साथ ईडी दफ्तर पहुंची रिया चक्रवर्ती।
ईडी ने 6 लोगों के खिलाफ मामला किया दर्ज
इससे पहले ईडी ने 31 जुलाई को सुशांत सिंह राजपूत के खाते से 15 करोड़ रुपए की हेराफेरी के आरोप में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं, रिया सुशांत के खाते से पैसे निकालने के आरोप को मनगढ़ंत और गलत बता रही हैं। रिया के मुताबिक, उन्होंने 7 फिल्में कीं और उनके पास जो संपत्ति है, वह उसी से कमाई है।
रिया चक्रवर्ती की 3 करोड़ की प्रॉपर्टी की जांच कर रही ईडी
ईडी ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मनी लॉन्डरिंग का केस दर्ज किया है। ईडी इस मामले में उनकी इनकम, खर्च और प्रॉपर्टी की जांच कर रही है। ईडी के रडार पर रिया की तीन प्रॉपर्टी भी हैं। इनमें से एक खार इलाके में, दूसरी जुहू और तीसरी नवी मुंबई में है। इनकी कीमत 3 करोड़ रुपए है। माना जा रहा है कि रिया ने ये तीनों प्रॉपर्टी 2018 और उसके बाद खरीदीं।
सिर्फ 1 संपत्ति का दिया सही ब्योरा
रिया ने पूछताछ में ईडी को सिर्फ खार स्थित वन बीएचके फ्लैट के बारे में सही जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि इस फ्लैट की कीमत आज करीब 1 करोड़ रुपए है। इसे रिया ने 2018 में 76 लाख में खरीदा था। इसके लिए उन्होंने एचडीएफसी से लोन भी लिया था।
वहीं रिया प्रॉपर्टी जुहू में तारा रोड सांताक्रूज स्थित फ्लैट और नवी मुंबई में अपनी प्रॉपर्टी के बारे में सही जानकारी नहीं दे सकी हैं। तारा रोड सांताक्रूज स्थित फ्लैट की मौजूदा कीमत डेढ़ करोड़ है। रिया यहां परिवार के साथ रहती हैं। इन दोनों संपत्तियों के बारे में रिया ने अब तक सही जानकारी नहीं दी है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.