
मुंबई. सुशांत सिंह राजपूत केस में मुंबई पुलिस ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने बताया कि अब तक इस मामले में 56 लोगों से पूछताछ हुई है, इनमें रिया चक्रवर्ती भी शामिल हैं। अभी तक जांच में किसी राजनेता का नाम सामने नहीं आया है। ना ही कोई ऐसा सबूत मिला है, जो किसी पार्टी के नेता के खिलाफ हो। साथ ही मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बिहार पुलिस का सहयोग ना करने के आरोपों को भी नकार दिया।
मुंबई पुलिस कमिश्नर ने कहा, बिहार पुलिस को असहयोग का कोई सवाल ही नहीं है, हम कानूनी तौर पर यह जांच कर रहे हैं कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में है या नहीं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि सुशांत सिंह मौत से पहले गूगल पर दर्दहीन मौत सर्च किया करते थे।
रिया के खाते में नहीं हुआ पैसा ट्रांसफर
परमबीर सिंह ने कहा, बिहार पुलिस का कहना है कि सुशांत के अकाउंट से 15 करोड़ रुपये उड़ा लिए गए। जबकि जांच में पता चला है कि सुशांत के अकाउंट में 18 करोड़ रुपए थे। अभी भी खाते में 4.5 करोड़ हैं। इतना ही नहीं अभी तक रिया चक्रवर्ती के अकाउंट में ट्रांसफर का पता नहीं चला है।
उन्होंने कहा, 16 जून को सुशांत के पिता, बहन और रिश्तेदारों से पूछताछ हुई। इस दौरान सुशांत के पिता ने किसी का नाम नहीं लिया था। ना ही उन्होंने किसी पर शक जताया था। मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच में कोई कोताही नहीं की है। अब तक 56 लोगों से पूछताछ हुई जिसमें रिया चक्रवर्ती भी शामिल हैं। उन्हें कई बार पुलिस स्टेशन बुलाया गया और दो बार बयान लिए गए।
बिहार पुलिस ने लगाया जांच में सहयोग ना करने का आरोप
दरअसल, बिहार पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत के पिता की ओर से दाखिल शिकायत के आधार पर रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस मामले में बिहार पुलिस जांच कर रही है। बिहार पुलिस का आरोप है कि मुंबई पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रही है। इतना ही नहीं मामले की जांच करने पहुंचे पटना एसपी विनय तिवारी को भी बीएमसी ने जबरन होम क्वारंटीन कर दिया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.