
मुंबई। बैंकॉक से मुंबई आ रही IndiGo की फ्लाइट (6E-1052) में एक स्वीडिश नागरिक ने नशे की हालत में केबिन क्रू के सदस्य के साथ छेड़छाड़ की। उसे मुंबई में विमान की लैंडिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घटना गुरुवार की है। आरोपी यात्री की पहचान 63 साल के एरिक हेराल्ड जोनास वेस्टबर्ग के रूप में हुई है।
खाना परोसे जाने के दौरान किया दुर्व्यवहार
अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने शुक्रवार को वेस्टबर्ग को 20 हजार रुपए की जमानत पर रिहा किया। पुलिस ने तीन गवाहों (सभी केबिन क्रू) के बयान दर्ज किए हैं और चार पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। वेस्टबर्ग ने विमान में खाना परोसने के दौरान केबिन क्रू के सदस्य के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू किया था। फ्लाइट के लैंड होने तक उसने केबिन क्रू के सदस्यों के साथ बदतमीजी की। 24 साल की केबिन क्रू सदस्य ने विमान के कप्तान को घटना की जानकारी दी और वेस्टबर्ग को रेड वार्निंग कार्ड पढ़कर सुनाया।
यह भी पढ़ें- Amritpal ने की 'सरबत खालसा' बुलाने की मांग तो शीर्ष सिख संगठन ने दिया करारा जवाब, कहा- यह जत्थेदार का विशेषाधिकार
यात्री ने पकड़ा केबिन क्रू की सदस्य का हाथ
केबिन क्रू की सदस्य ने अपनी शिकायत में बताया, "घटना के वक्त यात्री नशे में था। उसने जब वेस्टबर्ग को बताया कि विमान में सी फूड नहीं है तब उसने समस्या खड़ी कर दी। मैंने उसे खाने के लिए चिकन दिया और POS मशीन द्वारा पेमेंट के लिए ATM कार्ड मांगा। कार्ड स्वाइप करने का दिखावा करते हुए उसने मेरा हाथ पकड़ लिया। मैंने उसे पीछे किया और कहा कि अपने कार्ड का पिन इंटर करें। उस वक्त उसने हद पार कर दी। उसने अन्य यात्रियों के सामने मेरे साथ छेड़छाड़ की। जब मैं चिल्लाई तो वह अपनी सीट पर लौट गया।" पुलिस के अनुसार वेस्टबर्ग इसके बाद दूसरे केबिन क्रू सदस्यों के साथ बहस करने लगा। उसने केबिन क्रू के सदस्यों को गालियां दीं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.