
चेन्नई। तमिल एक्टर थलपति विजय ने अपने राजनीतिक की शुरुआत कर दी है। उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाई है। इसका नाम ‘तमिलगा वेट्ट्री कजगम’ (Tamilaga Vettri Kazhagam) रखा गया है। थलपति विजय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह पारदर्शी, जाति-मुक्त और भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार चाहते हैं।
थलपति विजय के फैन क्लब विजय मक्कल अयक्कम ने पिछले सप्ताह चेन्नई में हुई बैठक में राजनीतिक पार्टी के गठन को मंजूरी दी थी। विजय ने शुक्रवार को बयान कर कहा, "हम अपनी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam को रजिस्टर्ड करने के लिए चुनाव आयोग में आवेदन कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य आगामी 2026 विधानसभा चुनाव लड़ना और जीतना है। हम मौलिक राजनीतिक को बदलना चाहते हैं, लोग भी ऐसा ही चाहते हैं।"
विजय ने कहा- राजनीति मेरे लिए सिर्फ एक और करियर नहीं
विजय ने कहा, “राजनीति मेरे लिए सिर्फ एक और करियर नहीं है। यह लोगों के लिए किया जाने वाला पवित्र कार्य है। मैं इसके लिए लंबे समय से खुद को तैयार कर रहा हूं। राजनीति मेरे लिए शौक नहीं है। यही मेरी गहरी इच्छा है। मैं इसमें खुद को पूरी तरह से लगाने जा रहा हूं।”
विजय ने कहा, "आप सभी वर्तमान राजनीतिक माहौल को जानते हैं। एक तरफ प्रशासनिक कदाचार और भ्रष्ट राजनीतिक संस्कृति है तो दूसरी ओर विभाजनकारी राजनीतिक संस्कृति है। यह लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश करती है। तमिलनाडु के लोग राजनीतिक बदलाव के लिए तरस रहे हैं।"
यह भी पढ़ें- झारखंड का CM बनते ही चंपई की टीम हैदराबाद रवाना, इधर SC से मिला हेमंत को झटका
2024 का आम चुनाव नहीं लड़ेगी एक्टर विजय की पार्टी
चुनाव आयोग की मंजूरी मिलने के बाद एक्टर विजय की पार्टी सभाएं और बैठकें करेगी। इन दौरान पार्टी द्वारा अपनी नीतियों, सिद्धांतों और कार्य योजनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। पार्टी के झंडे और चिह्न को भी पेश किया जाएगा। विजय की पार्टी न तो 2024 का आम चुनाव लड़ेगी और न ही किसी पार्टी का समर्थन करेगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.