
नई दिल्ली. दिल्ली में आग के कहर ने एक बार फिर तीन लोगों की जान ले ली है। उत्तर पश्चिम दिल्ली में शालीमार बाग के एक मकान में शनिवार को आग लग गई। जिसमें तीन महिलाओं की जलकर मौत हो गई, जबकि 5 अन्य झुलस गए। दिल्ली में एक के बाद एक लगातार आग की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। पिछले एक हफ्ते में लगातार ये तीसरी घटना है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी।
इनकी हुई मौत
अग्निशमन विभाग के अनुसार उसे शाम छह बजकर पांच मिनट पर आग लगने की खबर मिली। उसके बाद आठ दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की लपटों की चपेट में आने से 3 महिलाओं की मौत हो गई वहीं 5 लोग बुरी तरह से झुलस गये। अधिकारियों के अनुसार आग में झुलस गए लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां किरण (60), सोमवती (57) और कामतादेवी (75) की मौत हो गई। वामशिखा (14), अक्षित (15), ईना (27) और लाजवंती (68) का इलाज चल रहा है। अग्निशमन विभाग के अनुसार सात बजकर 55 मिनट पर आग को काबू में लाया जा सका।
अनाज मंडी में हुई थी 43 लोगों की मौत
शनिवार की सुबह दिल्ली के मुंडका इलाके में पिछले सप्ताह तड़के एक फर्नीचर के गोदाम में भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना पाकर मौके पर फायर ब्रिगेड की 21 गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
वहीं, रानी झांसी रोड स्थित अनाज मंडी में भी इस तरह की घटना हुई थी। लेकिन इस भीषण आग में 43 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 50 से अधिक लोगों बचाया गया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.