22 जुलाई 2025-रात 10 बजे तक की 10 बड़ी खबरें: BCCI पर कसेगा सरकारी शिकंजा, बिहार में 52 लाख वोटर्स पर बवाल, एयरपोर्ट को धमकी

Published : Jul 22, 2025, 10:03 PM IST

22 July 10 Big News: संसद के मानसून सत्र के दौरान केंद्र सरकार अब बीसीसीआई को कंट्रोल करने के लिए बिल लाने जा रही है। बिहार में 52 लाख वोटर्स के नाम काटे जाने पर बवाल बढ़ गया है। अहमदाबाद एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

PREV
110
1. BCCI अब आएगा नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल के दायरे में

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अब राष्ट्रीय खेल संगठनों की तरह नियमों का पालन करना होगा। यह बिल संसद में पेश किया जाएगा और इसके कानून बनते ही BCCI को भी चुनाव प्रक्रिया, जवाबदेही और पारदर्शिता के नियम मानने होंगे। BCCI को यह बदलाव इसलिए करना पड़ रहा है क्योंकि क्रिकेट को 2028 लॉस एंजेलेस ओलंपिक में शामिल किया गया है। इसके साथ ही BCCI अब ओलंपिक मूवमेंट का हिस्सा बन चुका है। इस विधेयक का उद्देश्य खिलाड़ियों की भलाई और खेल संगठनों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

210
2. एयर इंडिया फ्लाइट में आग, सभी यात्री सुरक्षित

दिल्ली एयरपोर्ट पर हांगकांग से आई एयर इंडिया की फ्लाइट AI 315 में लैंडिंग के बाद APU (ऑक्सिलरी पावर यूनिट) में आग लग गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब फ्लाइट टर्मिनल पर खड़ी थी और यात्री उतरना शुरू कर चुके थे। आग लगने के तुरंत बाद APU को ऑटोमैटिक शटडाउन कर दिया गया। सौभाग्य से सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और DGCA को सूचना दे दी गई है।

310
3. कांग्रेस को 199 करोड़ के आयकर मामले में नहीं मिली राहत

आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (ITAT) ने कांग्रेस की छूट की याचिका खारिज कर दी है। यह मामला 2018-19 के लिए 199 करोड़ रुपये के आयकर बकाया से जुड़ा है। ITAT ने कहा कि कांग्रेस ने जो रिटर्न 02 फरवरी 2019 को दाखिल किया वह तय समयसीमा के भीतर नहीं था। इस कारण पार्टी को कानून के अनुसार छूट नहीं मिल सकती। यह फैसला कांग्रेस के लिए मानसून सत्र के दौरान बड़ा झटका माना जा रहा है।

410
4. बिहार में 52 लाख वोटर हटाए गए, विपक्ष का हंगामा

बिहार चुनाव से पहले वोटर लिस्ट से 52 लाख नाम हटाए गए हैं, जिससे विवाद शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, इसमें मृतक, स्थानांतरित और डुप्लिकेट वोटर शामिल हैं। विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि इससे दलित, मुस्लिम और गरीब मतदाता प्रभावित होंगे। कांग्रेस सांसद ने इसे वोटर अधिकारों पर हमला बताया है। चुनाव आयोग ने पारदर्शिता का हवाला देते हुए यह प्रक्रिया सही ठहराई है।

510
5. उत्तर प्रदेश में LT ग्रेड शिक्षक भर्ती, 7466 पदों पर मौका

UPPSC ने LT ग्रेड शिक्षक भर्ती 2025 के तहत 7466 पदों पर वैकेंसी निकाली है। इसमें पुरुषों के लिए 4860 और महिलाओं के लिए 2525 पद आरक्षित हैं। दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 81 सीटें हैं। आवेदन 28 जुलाई से शुरू होंगे और अंतिम तिथि 28 अगस्त 2025 है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह सरकारी शिक्षक बनने का सुनहरा अवसर है।

610
6. कांग्रेस सांसद ने बिहार में दलितों और मुसलमानों के वोट काटने का आरोप लगाया

कांग्रेस सांसद सप्तगिरि शंकर उल्का ने बिहार में चल रही वोटर रिवीजन प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया दलितों, आदिवासियों, गरीबों और मुस्लिम वोटर्स को वंचित करने की साजिश है। उन्होंने महाराष्ट्र और हरियाणा में भी इसी तरह की ‘वोट चोरी’ का जिक्र किया। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव भी दिया।

710
7. अमरनाथ यात्रियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, चार घायल

अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही एक बस मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर केले मोड़ सुरंग में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार यात्री घायल हुए, जिन्हें रामबन जिला अस्पताल ले जाया गया। सभी की हालत स्थिर है और जरूरत पड़ी तो उन्हें जम्मू रेफर किया जाएगा। बस को सुरंग से निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। यह दुर्घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई थी।

810
8. अहमदाबाद एयरपोर्ट को बम धमकी, जांच में निकली फर्जी

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मंगलवार को बम की धमकी वाला ईमेल मिला। जांच में यह धमकी फर्जी निकली। CISF और बम निरोधक दस्ते ने मानक प्रोटोकॉल के तहत पूरे परिसर की गहन जांच की। इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।

910
9. अमेरिका ने भारत को धमकी दी, रूस से तेल खरीदी बंद करो

अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने भारत, चीन और ब्राजील को चेतावनी दी है कि अगर वे रूस से तेल खरीदना बंद नहीं करते तो उनकी अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया जाएगा। ग्राहम ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप इन देशों पर 100% टैरिफ लगाएंगे। उन्होंने रूस से तेल की कमाई को खून से सनी कमाई कहा। ग्राहम का दावा है कि रूस का 80% कच्चा तेल इन्हीं तीन देशों को जाता है जिससे पुतिन की युद्ध मशीन चल रही है।

1010
10. दिल्ली सरकार का खिलाड़ियों को इनाम और सरकारी नौकरी का ऐलान

दिल्ली सरकार ने ओलंपिक, पैरालंपिक और एशियाई खेलों के विजेताओं को बड़ी पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 7, 5 और 3 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। ओलंपिक विजेताओं को ग्रुप A और B की सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी बड़ी इनामी राशि तय की गई है। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली के खेल इकोसिस्टम को मजबूत करना है।

Read more Photos on

Recommended Stories