Asianet News | Published : Mar 1, 2023 9:31 AM IST / Updated: Mar 02 2023, 10:56 PM IST

नागालैंड और त्रिपुरा में बहुमत के बाद BJP कार्यालय पर जश्न: पीएम मोदी बोले-कट्टर लोग कह रहे हैं मर जा मोदी लेकिन देश कह रहा है मत जा मोदी...

सार

त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में हुए विधानसभा चुनावों के रिजल्ट आ चुके हैं। बीजेपी गठबंधन ने बेहद शानदार तरीके से अपनी सरकारें बचा ली है। त्रिपुरा और नगालैंड में बीजेपी गठबंधन की सरकार बननी तय है। जबकि मेघालय में किसी का बहुमत नहीं मिला है लेकिन एनपीपी सबसे अधिक सीटें पाकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। यहां पढ़ें विधानसभा चुनावों के रिजल्ट से जुड़े लाइव अपडेट्स...

 

08:54 PM (IST) Mar 02

जनता खोल रही है पोल, हर जगह बीजेपी की जीत के साथ लेगी बदला

पीएम मोदी ने कहा कि कहा गया कि बीजेपी आदिवासियों की पार्टी नहीं है। लेकिन नार्थ-ईस्ट और गुजरात में आदिवासी मतदाताओं का जनसमर्थन ने उनके पोल खोल दिए। अल्पसंख्यक का विरोधी बताकर बीजेपी का डर दिखाया। लेकिन गोवा और मेघालय ने इनका पोल खोल दिया। पीएम मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट के गठबंधन पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक राज्य में दोस्ती और दूसरे राज्य में कुश्ती करके कुछ दल जनता को छलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस और लेफ्ट लड़ते हैं और पूर्वोत्तर में दोस्ती किया, इसका भी जवाब जनता बीजेपी को जीताकर देगी।

08:52 PM (IST) Mar 02

छोटे लोगों से, छोटे राज्यों से यही नफरत कांग्रेस को डूबोने जा रही है

पीएम मोदी ने कहा कि आज के नतीजों के बाद कांग्रेस ने छोटों के प्रति अपने नफरत को फिर से जगजाहिर कर दिया। कांग्रेस कह रही है कि ये तो छोटे राज्य है, इनके नतीजे मायने नहीं रखते। जब दिल में भारत जोड़ने की भावना नहीं हो तो ऐसे ही बोल निकलते हैं। छोटे राज्यों के प्रति कांग्रेस की भावना जगजाहिर हुई है। इसी सोच की वजह से कांग्रेस ने देश के गरीबों को छोटा समझा। यही मानसिकता है जिसने देश की आजादी के बाद हमारा बहुत बड़ा नुकसान किया है। जब हमारी सरकार ने देश के लिए शौचालय बनाया तो कांग्रेस ने छोटा काम बताया। जब सफाई अभियान चलाया तो कांग्रेस ने छोटा काम बताया। मैं कांग्रेस से कहना चाहता हूं कि छोटे लोगों से, छोटे राज्यों से यही नफरत कांग्रेस को डूबोने जा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि एक और झूठ को नार्थ-ईस्ट ने ध्वस्त कर दिया। पहले बनियों का दल कहा गया, फिर हिंदी पट्टी की पार्टी कहा गया। कभी शहरी पार्टी कहा। लेकिन हमने हर भ्रम को तोड़ दिया। 

 

08:47 PM (IST) Mar 02

मत जा मोदी...

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग कट्टर और कट्टर की पहचान में लगे हुए हैं। वह बेइमानी भी कट्टरता से कर रहे हैं। कुछ कट्टर लोग कह रहे हैं मर जा मोदी लेकिन देश कह रहा है मत जा मोदी।

08:46 PM (IST) Mar 02

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध: पीएम मोदी

बीजेपी पूर्वोत्तर की महिला शक्ति को भी नमन करती है। बीजेपी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की अधिकतर योजनाओं में महिलाओं को लाभ देकर गौरवान्वित किया गया है। बीजेपी का सौभाग्य है कि उसने पहली बार महिला को राज्यसभा में भेजा। नागालैंड में भी एक महिला को पहली बार मिली जीत से हम गौरवान्वित महसूस करते हैं। 

08:43 PM (IST) Mar 02

बीजेपी के लिए कोई कार्य असंभव नहीं: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के विजय अभियान में हमारी त्रिवेणी की जो तीसरी शक्ति है, वह कार्यकर्ता है, मैं उनको बार-बार नमन करता हूं। भाजपा कार्यकर्ता का सेवाभाव, समर्पण अतुल्य है। हमने कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया लेकिन हमारे कार्यकर्ता ने मुश्किल से मुश्किल हालात में भी पार्टी का झंड़ा बुलंद किया है। भाजपा कार्यकर्ता अपनी त्याग की पराकाष्ठा से पार्टी के सपनों को कभी टूटने नहीं देते हैं। जिस पार्टी के पास कार्य हो, कार्य संस्कृति हो और ऐसे समर्पित कार्यकर्ता हो उसके लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है। 

08:40 PM (IST) Mar 02

हम सबसे कठिन चीजों को हल करने के लिए मेहनत करते हैं: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि पहले राजनीतिक कठिन मुद्दों को छूने से परहेज करते थे। लेकिन बीजेपी ने कठिन से कठिन मुद्दों को हल करने की कोशिश की है। नार्थ-ईस्ट इसका उदाहरण है। नार्थ-ईस्ट में 21वीं सदी में बिजली नहीं पहुंची थी। पहले के सरकारों ने उनको छोड़ दिया। बीजेपी ने बिजली, पक्के घर, गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम किया। यह पहले की सरकारों की काम की सूची में ही नहीं था। बीजेपी ने नार्थ-ईस्ट को एयरपोर्ट, रेलवे, हाईवे दिया। पहले की सरकारें कठिनाइयों से बचती रही और इसकी वजह से हर परियोजनाओं में देरी हुई। हमने कठिनाइयों को दूर किया और फिर नार्थ-ईस्ट विकास के रास्ते पर दौड़ पड़ा। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि गरीब से गरीब भाई, देश के विकास में सहयोग कर रहा है। यही कारण है कि भारत की तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है।

08:37 PM (IST) Mar 02

हमारे काम के तौर तरीकों में कोई भेदभाव नहीं होता

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे काम के तौर तरीकों में कोई भेदभाव नहीं होता। हम सबके लिए काम करते हैं। भाजपा का नारा है एक भारत-श्रेष्ठ भारत। हमारे लिए देश प्रथम है, देशवासी प्रथम है। हमारे देश में हमेशा से एक और पॉलिटिकल मॉडल रहा जिसमें पहले ऐसा कहते थे कि जो दूरद्रष्टा होते हैं वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सोचते हैं और पॉलिटिशियन के लिए कहा जाता था कि वह अगले चुनाव के लिए सोचते हैं। मैंने कहा अब कहावत बदल गई है। स्टेट्समैन अगली पीढ़ी के लिए सोचते हैं लेकिन राजनीतिज्ञ अगले दिन के अखबार में आने के लिए सोचते हैं।

08:33 PM (IST) Mar 02

बीजेपी की जीत का रहस्य त्रिवेणी...

पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर में बीजेपी की जीत को तमाम चुनावी विश्लेषक समझने में लगे हुए हैं। इसमें कुछ विशेष शुभचिंतक भी हैं लेकिन उनके पेट में दर्द हो रहा यह सोच सोचकर कि बीजेपी जीत कैसे रह रही। उन्होंने कहा कि अभी टीवी देखी नहीं पता नहीं ईवीएम का राग फिर आया कि नहीं। मैं अपने ऐसे शुभचिंतकों को बीजेपी की जीत का राज बता रहा हूं। बीजेपी की जीत का रहस्य छुपा है त्रिवेणी में। त्रिवेणी यानी तीन धाराओं का संगम। इस त्रिवेणी की पहली शक्ति है-भाजपा सरकारों का कार्य। इस त्रिवेणी की दूसरी शक्ति है-भाजपा सरकारों की कार्यसंस्कृति। तीसरी शक्ति है-भाजपा कार्यकर्ताओं का सेवा भाव। यह त्रिवेणी मिलकर बीजेपी की शक्ति को 111 गुना बढ़ा देते हैं। 

08:29 PM (IST) Mar 02

मेहनत कभी न कभी तो रंग लाती है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव जीतने से ज्यादा इस बात का संतोष है कि अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान में नार्थ-ईस्ट जाकर उनके दिलों को जीता है। पूर्वोत्तर के लोगों को यह अहसास हो रहा है कि केंद्र की बीजेपी सरकार में उनकी उपेक्षा नहीं होती है। अब नार्थ-ईस्ट को भी उतना ही महत्व मिलता है जितना दूसरे राज्यों को मिलता है।

08:26 PM (IST) Mar 02

अब नार्थ-ईस्ट अब न दिल्ली से दूर है न दिल से दूर है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा: एक समय था जब नार्थ-ईस्ट में चुनाव होते थे और नतीजे आते थे तो दिल्ली या कहीं चर्चा तक नहीं होती थी। अगर होती थी तो बम, हिंसा या ब्लॉकेड की ही चर्चा होती थी। त्रिपुरा में तो किसी दूसरे दल का झंडा तक नहीं लगता था। अगर किसी ने कोशिश की तो उसे लहूलुहान कर दिया जाता था। अब ऐसा नहीं है। बीजेपी ने नार्थ-ईस्ट की दशा और दिशा नहीं नहीं लेकिन एक आत्मविश्वास से भरा हुआ और एक नई दिशा पर चलता क्षेत्र दे दिया है। अब नार्थ-ईस्ट अब न दिल्ली से दूर है न दिल से दूर है। यह नया इतिहास रचे जाने का समय है। मैं नार्थ-ईस्ट की शांति और समृद्धि व विकास का समय देख रहा हूं। 

08:24 PM (IST) Mar 02

सर झुकाकर आभार व्यक्त करता हूं: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा-मैं त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय की जनता का सर झुकाकर आभार जताता हूं। इन लोगों ने बीजेपी, और उसके सहयोगियों को आशीर्वाद दिया है। त्रिपुरा, नागालैंड के बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी आभार जताता हूं। पूर्वोत्तर का बीजेपी कार्यकर्ता, दिल्ली या यहां के कार्यकर्ताओं से कई गुना अधिक काम करता है। यह परिणाम उनकी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नतीजे यह दिखाते हैं कि भारत में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भारतीयों में कितनी आशा है।

08:21 PM (IST) Mar 02

नार्थ-ईस्ट के नागरिकों के सम्मान में मोबाइल की फ्लैशलाइट जलवा दिया सम्मान

पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से अपील की कि वह अपने मोबाइल का टार्च जलाकर नार्थ-ईस्ट के लोगों को सम्मान दें। 

08:20 PM (IST) Mar 02

भारत माता की जय के नारे लगवाए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर पहुंचते ही भारत माता की जय के नारे लगवाए

08:16 PM (IST) Mar 02

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नार्थ-ईस्ट की तस्वीर बदल चुकी है: जेपी नड्डा

बीजेपी ऑफिस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि नार्थ-ईस्ट अब शांति और विकास की ओर कदम बढ़ा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नार्थ-ईस्ट की तस्वीर बदल चुकी है। नार्थ-ईस्ट के किसी भी राजधानी में जाने में अब दिक्कत नहीं होती। रोड, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीवन आसान कर दिया है। नार्थ-ईस्ट में रेलवे, नेशनल हाईवे, सिक्सवे, फोरवे का जाल बिछाया जा रहा है। पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर में नई विकास की योजनाओं को बनाकर आगे बढ़ने का काम किया।

08:05 PM (IST) Mar 02

मंच पर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी, स्वागत है भाई स्वागत है...के लगे नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर पहुंचते ही उनके स्वगत में, स्वागत है भाई स्वागत है…के नारे लगने शुरू हो गए। प्रधानमंत्री ने भी कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कार्यकर्ताओं के साथ नारा लगा रहे।

07:58 PM (IST) Mar 02

काफी संख्या में कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय पहुंचे, पीएम मोदी के लिए लग रहे नारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीजेपी कार्यालय पहुंचने के बाद उनके पक्ष में जोरदार नारेबाजी की जा रही है। पूरा ऑफिस अबीर-गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाईयां दे रहा है।

07:53 PM (IST) Mar 02

पीएम नरेंद्र मोदी पहुंचे बीजेपी ऑफिस, सीनियर लीडर्स ने किया स्वागत

पीएम नरेंद्र मोदी बीजेपी ऑफिस पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित सीनियर लीडर्स ने उनका स्वागत किया। यहां पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

07:47 PM (IST) Mar 02

बीजेपी ऑफिस पहुंचे अमित शाह

बीजेपी विधानसभा चुनाव में जीत का जश्न राष्ट्रीय कार्यालय पर मना रही है। पीएम नरेंद्र मोदी सहित सभी दिग्गज ऑफिस पहुंच कर कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करेंगे। पीएम मोदी कुछ ही देर में यहां पहुंचने वाले हैं। गृह मंत्री अमित शाह पहुंच चुके हैं।

07:15 PM (IST) Mar 02

पीएम नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में पहुंचेगे भाजपा कार्यालय

दो राज्यों में जीत के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय पर जश्न का माहौल है। कुछ ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी ऑफिस पहुंचेंगे। यहां वह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वह पॉर्लियामेंट्री बोर्ड की मीटिंग में भी शिरकत करेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित भी किया जाएगा।

05:57 PM (IST) Mar 02

पीएम मोदी ने नागालैंड की जनता को दिया धन्यवाद

पीएम नरेंद्र मोदी ने नागालैंड की जनता को धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मैं नागालैंड के लोगों को आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। NDPP और BJP गठबंधन को राज्य की सेवा के लिए एक और जनादेश मिला है। डबल इंजन की सरकार प्रदेश की प्रगति के लिए काम करती रहेगी। मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के लिए उनकी सराहना करता हूं जिन्होंने यह परिणाम सुनिश्चित किया।

05:27 PM (IST) Mar 02

रियो पांचवीं बार बनेंगे नागालैंड के मुख्यमंत्री

नागालैंड के दिग्गज नेता और सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेफिउ रियो अपनी पार्टी एनडीपीपी और सहयोगी भाजपा की शानदार जीत के बाद लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री का पद संभालने के लिए तैयार हैं। दोनों दलों ने मिलकर 60 सदस्यीय नागालैंड विधानसभा में 33 सीटें हासिल की हैं।

04:18 PM (IST) Mar 02

मेघालय में सबसे बड़ी पार्टी बनी एनपीपी

मेघालय में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। 60 सीटों के लिए हुए चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 31 है। एनपीपी (नेशनल पीपुल्स पार्टी) सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इसने 18 सीटों को जीत लिया है और 7 सीटों पर पार्टी को बढ़त है। तृणमूल कांग्रेस ने तीन सीट जीत लिए हैं और दो सीट पर पार्टी को बढ़त है। भाजपा ने दो सीट जीते हैं और एक पर उसे बढ़त है। हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने दो सीट जीत लिए हैं। दो निर्दलीय को जीत मिली है। कांग्रेस ने 5 सीट जीत लिए हैं। पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 1 सीट जीता है और एक पर आगे है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी ने 10 सीट जीते हैं और 1 सीट पर उसे बढ़त है। जनता की आवाज पार्टी ने 4 सीट जीत लिए हैं।

04:11 PM (IST) Mar 02

नागालैंड में एनडीपीपी और बीजेपी गठबंधन को मिली जीत

नागालैंड में एनडीपीपी और बीजेपी गठबंधन को जीत मिली है। गठबंधन ने 34 सीटों को जीत लिया है और 3 सीट पर आगे है। भाजपा को 12 सीटों पर जीत मिली है। एनडीपीपी को 22 सीटों पर जीत मिली है और 3 सीटों पर पार्टी को बढ़त है।

जदयू 1 सीट पर आगे है। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने एक सीट जीत लिया है और एक सीट पर आगे है। नागा पीपल्स फ्रंट ने एक सीट जीता है और एक सीट पर आगे है। नेशनल पीपुल्स पार्टी को 5 सीटों पर जीत मिली है। एनसीपी ने 5 सीट जीते हैं और 2 पर उसे बढ़त है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने दो सीट जीते हैं।

02:43 PM (IST) Mar 02

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: भाजपा को 30 सीटों पर मिली जीत

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा को 30 सीटों पर जीत मिली है और 2 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार आगे हैं। सीपीआईएम ने 10 सीट जीत लिया है और 1 सीट पर पार्टी की बढ़त है। कांग्रेस को 3 सीटों पर जीत मिली है। इंडिजेनस पीपल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा को एक सीट पर जीत मिली है। टिपरा मोथा पार्टी ने 13 सीट जीत लिए हैं।

01:41 PM (IST) Mar 02

माणिक साहा बोले बहुमत से बनाएंगे सरकार

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, “भाजपा फिर से बहुमत से सरकार बनाएगी। अभी तक जो रिजल्ट आया है उससे पता चल रहा है कि हमलोग सरकार बना रहे हैं। मैं चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नेड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं। हमें और सीट आना चाहिए था, इस मामले में हम विश्लेषण करेंगे।”

01:26 PM (IST) Mar 02

शाम 7 बजे पार्टी ऑफिस पहुंचेंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम सात बजे दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। वह भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। त्रिपुरा और नागालैंड में सरकार बनती देख भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी ऑफिस पहुंच रहे हैं और जश्न मना रहे हैं।

12:54 PM (IST) Mar 02

रुझानों में BJP को नागालैंड और त्रिपुरा में बहुमत

त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में हुए विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गितनी चल रही है। मतगणना के साढ़े चार घंटे बाद बीजेपी नागालैंड और त्रिपुरा में रुझानों के अनुसार बहुमत मिलती दिख रही है। वहीं, मेघालय में एनपीपी आगे है। त्रिपुरा में बीजेपी 33, सीपीआईएम 11, कांग्रेस 4, टीएमपी (Tipra Motha Party) 11 और अन्य 1 सीट पर आगे है।

नागालैंड में एनडीपीपी बीजेपी गठबंधन को 40 सीटों पर बढ़त है। बीजेपी को दो सीट पर जीत मिली है। 12 सीटों पर पार्टी को बढ़त है। एनडीपीपी को एक सीट पर जीत मिली है और 25 सीटों पर पार्टी को बढ़त मिली हुई है। जदयू 1, लोजपा (राम विलास) 3, एनपीएफ 3, एनपीपी 3 और एनसीपी 4 सीटों पर आगे है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) को दो सीटों पर जीत मिली है।

मेघालय में एनपीपी (National People's Party) सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आ रही है। एनपीपी को दो सीटों पर जीत मिली है और 21 सीटों पर इसे बढ़त है। टीएमसी को 5, भाजपा को 4, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी को 2, कांग्रेस को 4, पीडीएफ को 2, यूडीपी को 10 और वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी को 4 और निर्दलीय को 3 सीटों पर बढ़त है।

12:19 PM (IST) Mar 02

नागालैंड चुनाव 2023: मजबूत हो रही BJP

नागालैंड में बीजेपी मजबूत होती दिख रही है। पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली है और 10 सीटों पर इसे बढ़त हासिल है। NDPP को 1 सीट पर जीत मिली है और 22 सीटों पर बढ़त है। NDPP और बीजेपी मिलकर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस 2, जदयू 2, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) 2, एनपीएफ 2, एनपीपी 4, एनसीपी 5 और अन्य 5 सीटों पर आगे हैं।

12:11 PM (IST) Mar 02

त्रिपुरा में बनती दिख रही BJP की सरकार

मतगणना शुरू होने के चार घंटे बाद त्रिपुरा में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। भाजपा को 32 सीटों पर बढ़त है। बहुमत का आंकड़ा 31 है। सीपीआई (एम) को 11, TMP (Tipra Motha Party) को 11, कांग्रेस को चार, निर्दलीय को एक और IPFT को एक सीट पर बढ़त है।

11:45 AM (IST) Mar 02

नागालैंड चुनाव 2023: उपमुख्यमंत्री बोले-मिलने जा रहा प्रचंड बहुमत

नागालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन ने कहा कि अभी तक हमारा गठबंधन (एनडीपीपी और बीजेपी) काफी आगे है। हमें अपने सीएम नेफ्यू रियो के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है। इस बार हम पिछले चुनाव परिणामों की तुलना में सीटों में वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।

11:38 AM (IST) Mar 02

मेघालय चुनाव 2023: सीएम कोनराड संगमा के घर पर जश्न की तैयारी

मेघालय चुनाव 2023 के लिए डाले गए वोटों की गिनती चल रही है। सीएम कोनराड संगमा की पार्टी एनपीपी (नेशनल पीपुल्स पार्टी) 24 सीटों पर आगे है। एक सीट पर एनपीपी को जीत मिली है। वहीं, बीजेपी 5, टीएमसी 5, कांग्रेस 5 और अन्य 17 सीटों पर आगे हैं। चुनाव में जीत मिलती देख सीएम कोनराड संगमा के तुरा स्थित घर पर जश्न की तैयारी चल रही है।

 

 

11:19 AM (IST) Mar 02

त्रिपुरा में बहुमत के करीब BJP

त्रिपुरा में बीजेपी बहुमत के करीब है। मतगणना शुरू होने के तीन घंटा 15 मिनट बाद बीजेपी को 60 में से 30 सीटों पर बढ़त है। बहुमत के लिए 31 सीटों की जरूरत है। टीएमपी 12 सीटों पर आगे है। लेफ्ट और कांग्रेस के गठबंधन को 17 सीटों पर बढ़त है। टिपरा मोथा और बीजेपी के बीच बातचीत शुरू हो गई है।

11:04 AM (IST) Mar 02

मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के चुनाव परिणाम का नहीं होगा लोकसभा चुनाव पर असर: खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह पूछे जाने पर कि क्या मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के चुनाव परिणाम 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रतिबिंब होंगे कहा कि ऐसा नहीं है। आमतौर पर पूर्वोत्तर की पार्टियां केंद्र सरकार के रुझान के साथ चलती हैं, लेकिन कई नेता राष्ट्रीय राजनीति के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे कांग्रेस, धर्मनिरपेक्ष दलों, लोकतंत्र और संविधान का समर्थन करते हैं।

 

10:40 AM (IST) Mar 02

मेघालय चुनाव 2023: पिता की कब्र पर गए सीएम कोनराड संगमा

मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना के दौरान मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री पीए संगमा को याद किया। वह अपनी मां सोरादिनी के संगमा, भाई जेम्स संगमा और बहन अगाथा के संगमा के साथ अपने पिता के कब्र पर गए।

10:25 AM (IST) Mar 02

त्रिपुरा चुनाव 2023: बड़ी ताकत बन रही TMP

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 में TMP (टिपरा मोथा पार्टी) बड़ी ताकत बनकर सामने आ रही है। त्रिपुरा के शाही परिवार के सदस्य प्रद्योत माणिक्य देबबर्मा की पार्टी TMP को 13 सीटों पर बढ़त है। TMP पहली बार चुनाव लड़ रही है। माणिक्य देबबर्मा की भूमिका किंग मेकर की हो सकती है।

10:18 AM (IST) Mar 02

त्रिपुरा चुनाव 2023: राजीव भट्टाचार्य पीछे

त्रिपुरा चुनाव 2023 के शुरुआती रुझान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य पीछे चल रहे हैं। वह बनमालीपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हैं। वोटों की गिनती अभी जारी है।

10:09 AM (IST) Mar 02

त्रिपुरा चुनाव 2023: कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन आगे

त्रिपुरा चुनाव 2023 के शुरुआती रुझानों में अगरतला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन 3668 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। वोटों की गिनती चल रही है।

10:04 AM (IST) Mar 02

नागालैंड विधानसभा चुनाव 2023: CM नेफ्यू रियो आगे

नागालैंड विधानसभा चुनाव 2023 के शुरुआती रुझान में मुख्यमंत्री और एनडीपीपी उम्मीदवार नेफ्यू रियो आगे हैं। वह उत्तरी अंगामी-द्वितीय विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। वोटों की गिनती अभी जारी है।

 

09:59 AM (IST) Mar 02

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023:सीएम माणिक साहा आगे

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 के शुरुआती रुझान में मौजूदा मुख्यमंत्री और बीजेपी उम्मीदवार माणिक साहा आगे चल रहे हैं। वह टाउन बारडोवली विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं। वोटों की गिनती जारी है। तीसरे राउंड की गिनती हो गई है। उन्हें 3 हजार से अधिक वोट मिले हैं।

09:54 AM (IST) Mar 02

मेघालय विधानसभा चुनाव 2023: सीएम कोनराड संगमा आगे

मेघालय के मुख्यमंत्री सीएम कोनराड संगमा आगे चल रहे हैं। वह दक्षिण तुरा एसटी निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी हैं। उन्हें भाजपा उपाध्यक्ष बर्नार्ड मारक से चुनौती मिल रही है।