Published : Apr 02, 2025, 10:13 AM ISTUpdated : Apr 03, 2025, 12:51 AM IST

Waqf Bill: वक्फ बिल लोकसभा से पास, पक्ष में 288, विरोध में 232 वोट पड़े

सार

Waqf Bill: वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 लोकसभा में पेश हो गया है। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। इस विधेयक के पास होने पर वक्फ अधिनियम 1995 में संशोधन होगा। इसे पूरे भारत में वक्फ संपत्तियों के मैनेजमेंट और रेगुलेशन में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को ठीक करने के लिए बनाया गया है।

12:47 AM (IST) Apr 03

वक्फ बिल लोकसभा से पास, पक्ष में 288, विरोध में 232 वोट पड़े

वक्फ (संशोधन) विधेयक बुधवार आधी रात को लोकसभा से पास हो गया। बिल पर करीब 12 घंटे चर्चा हुई। इसके बाद मतदान कराया गया। बिल के पक्ष में 288 और विरोध में 232 वोट डाले गए।

 

12:21 AM (IST) Apr 03

वक्फ बिल पर वोटिंग प्रक्रिया शुरू

वक्फ बिल पर बुधवार को लोकसभा में 12 घंटे तक चर्चा हुई। इसके बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। वोटिंग मत विभाजन विधि से कराई जा रही है। मशीन से मतदान कराने पर कुल 390 वोट पड़े। पक्ष में 226 और खिलाफ में 163 वोट पड़े। 1 सांसद अनुपस्थित रहे।

 

 

11:21 PM (IST) Apr 02

राहुल गांधी बोले- मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने का हथियार है वक्फ बिल

राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, "वक्फ (संशोधन) विधेयक मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने और उनके निजी कानूनों व संपत्ति के अधिकारों को हड़पने के उद्देश्य से बनाया गया हथियार है। RSS, भाजपा और उनके सहयोगियों ने संविधान पर हमला किया है। यह मुसलमानों को टारगेट करता है। यह भविष्य में अन्य समुदायों को निशाना बनाने के लिए मिसाल कायम करता है। कांग्रेस पार्टी इस कानून का कड़ा विरोध करती है।"

 

 

11:06 PM (IST) Apr 02

असदुद्दीन ओवैसी बोले- मैं इस कानून को फाड़ता हूं

AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने वक्फ बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा कि यह कानून मुसलमानों को दूसरे दर्जे का नागरिक बनाता है। उन्होंने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि मैं इस कानून को फाड़ता हूं। यह बिल मुसलमानों को नीचा दिखाने के लिए है।

 

 

10:25 PM (IST) Apr 02

लोकसभा में चर्चा का समय रात 11.30 बजे तक बढ़ा

लोकसभा में वक्फ बिल पर चर्चा का समय रात 11.30 बजे तक बढ़ाया गया है। 

09:37 PM (IST) Apr 02

योगी फिर बनेंगे यूपी के सीएम: अमित शाह, अखिलेश की नोकझोंक, देखें वीडियो

वक्फ (संशोधन) विधेयक पर लोकसभा में बहस के दौरान अमित शाह और अखिलेश यादव के बीच मजेदार नोंकझोंक हुई, जिसमें बीजेपी के नेतृत्व चयन और वंशवादी राजनीति पर मजाकिया टिप्पणियां शामिल थीं।

Read Full Story

08:10 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: अमित शाह बोले- देश तोड़ देगा विपक्ष, वक्फ में नहीं होगा एक भी गैर मुस्लिम

लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पेश हुआ, जिसपर अमित शाह ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वक्फ में कोई गैर-मुसलमान शामिल नहीं होगा। शाह ने कहा कि विपक्ष वोट बैंक के लिए अल्पसंख्यकों को डरा रहा है।
Read Full Story

07:31 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: विपक्ष पर बरसे अमित शाह, बोले- देश तोड़ दोगे आप लोग

लोकसभा में विपक्ष पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा, "देश तोड़ दोगे आप लोग। इस सदन के माध्यम से देश भर के मुसलमान भाइयों से कहना चाहता हूं, आपके वक्फ एक भी गैर मुस्लिम नहीं आएगा। इस एक्ट में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। वक्फ परिषद का काम क्या है? वक्फ की संपत्तियां बेच खाने वाले लोगों को पकड़कर इसके बाहर निकालने का। वक्फ के नाम पर औने-पौने दाम पर संपत्तियों को 100-100 साल किराये पर देने वाले लोगों को पकड़ना है। वक्फ की आमदनी जो गिरती जा रही है, जिसके माध्यम से अल्पसंख्यकों का विकास करना है। ये पैसा जो चोरी होता है उसे पकड़ने का काम वक्फ परिषद करेगा।"

 

 

06:35 PM (IST) Apr 02

वक्फ बोर्ड को लाखों करोड़ रुपए की संपत्ति से हुई 126 करोड़ की आमदनी

अमित शाह ने कहा कि वक्फ बोर्ड के पास लाखों करोड़ की संपत्ति है। आमदनी 126 करोड़ रुपए है। यह बिल वक्फ की संपत्ति के रखरखाव के लिए है। भ्रष्टाचार करने वालों पर कार्रवाई होगी। वक्फ की संपत्ति से हुई आमदनी से बेरोजगार मुसलमानों का फायदा होगा। 4 साल में मुसलमान समझ जाएंगे कि यह उनके हित में है।

 

06:25 PM (IST) Apr 02

अमित शाह बोले- वक्फ में नहीं होगा गैर इस्लामी व्यक्ति

लोकसभा में वक्फ बिल पर बहस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का विरोध वोट बैंक के लिए है। भ्रम फैलाकर अल्पसंख्यकों को डराया जा रहा है। वक्फ में गैर इस्लामी व्यक्ति नहीं होगा। 2013 में अगर वक्फ कानून में बदलाव नहीं होता तो यह बिल लाने की जरूरत नहीं होती।

 

 

 

05:58 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill पर लोकसभा में तीखी बहस, देखें नेताओं के भाषणों के मुख्य अंश

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश हुआ, जिस पर तीखी बहस हुई। सरकार इसे मुस्लिम कल्याण के लिए बता रही है, जबकि विपक्ष इसे असंवैधानिक बता रहा है। क्या है इस बिल में, और क्यों हो रहा है इतना विरोध?
Read Full Story

05:45 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill पर बोले अनुराग ठाकुर- यह करेगा कांग्रेस के तुष्टिकरण की राजनीति का अंतिम संस्कार

अनुराग ठाकुर ने वक्फ बिल को कांग्रेस की तुष्टिकरण राजनीति का अंत बताया। उन्होंने कहा कि यह बिल मुस्लिम समुदाय के कल्याण के लिए है और जमीन जिहाद के नाम पर दूसरा विभाजन नहीं होने देगा।
Read Full Story

05:05 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- जमीन हड़पना चाहती है सरकार

वक्फ बिल पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि नए वक्फ बिल से 'आंशिक रूप से विवादित' या 'पूरी तरह से विवादित' जमीन को सरकारी जमीन घोषित करके सरकार जमीन हड़पना चाहती है। वक्फ वह जमीन खो देगा जहां कब्रिस्तान या मस्जिदें हैं।

 

04:16 PM (IST) Apr 02

मुसलमान विरोधी नहीं वक्फ बिल: ललन सिंह

वक्फ बिल पर भाजपा को सहयोगी पार्टी जदयू का साथ मिला है। लोकसभा में चर्चा के दौरान जदयू नेता राजीव रंजन (ललन) सिंह ने खुलकर वक्फ बिल की तारीफ की। कहा कि यह कहीं से भी मुसलमान विरोधी नहीं है।

 

 

04:01 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill पर चर्चा के दौरान अमित शाह ने कही ऐसी बात कि खिलखिलाकर उठे अखिलेश, देखें वीडियो

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पर बहस के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने में देरी को लेकर कटाक्ष किया। अमित शाह ने पलटवार करते हुए विपक्ष की पारिवारिक पार्टियों पर निशाना साधा।
Read Full Story

03:36 PM (IST) Apr 02

Parliament Session: कल्याण बनर्जी बोले-वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने की है कोशिश

तृणमूल सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार नए विधेयक के माध्यम से वक्फ की जमीन पर कब्जा करने की साजिश कर रही है। वहीं, DMK (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) के सांसद ए राजा ने भी लोकसभा में बोलते हुए वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध किया है।

 

03:02 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: इतिहास बन जाएगी धारा 40, जमीन को रातोंरात नहीं बना सकेंगे वक्फ संपत्ति

Waqf Bill 2024: वक्फ संशोधन विधेयक 2024 लोकसभा में पेश! धारा 40 हटने से क्या होगा? अब वक्फ संपत्ति घोषित करने के फैसले को कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।

Read Full Story

02:30 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: अखिलेश यादव से बोले अमित शाह, आप रहेंगे 25 साल तक सपा अध्यक्ष

वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान लोकसभा में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। इसका जवाब गृह मंत्री अमित शाह ने दिया। अखिलेश यादव ने कहा, "दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी अभी तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष तय नहीं कर पाई है।" इसपर अमित शाह ने कहा, "आप जैसी पार्टियों को सिर्फ 5 सदस्यों में से एक अध्यक्ष चुनना होता है। इसमें देरी नहीं होती। मैं अभी आपसे कहता हूं कि अगले 25 साल तक आप अध्यक्ष बने रहेंगे।"

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए वक्फ बिल लाई है। उन्होंने कहा, "जब भी भाजपा कोई नया विधेयक पेश करती है, तो वह अपनी विफलताओं को छिपाती है।"

 

01:59 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: रविशंकर प्रसाद बोले- वक्फ की संपत्ति लूटने नहीं देंगे

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान कहा, "हम वक्फ की प्रॉपर्टी लूटने नहीं देंगे। वक्फ बिल गैर संवैधानिक नहीं है। वक्फ की 8 लाख संपत्ति पर कितने जनहित के काम हुए? वक्फ की संपत्ति से आमदनी हो तो एतराज क्यों? वक्फ कोई धार्मिक संस्था नहीं है। वक्फ की जमीन रेगुलेट करना जरूरी है।"

 

01:48 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill पेश कर बोले किरेन रिजिजू- मोदी सरकार न आती तो संसद पर भी होता वक्फ का कब्जा

किरेन रिजिजू ने वक्फ संशोधन विधेयक पेश करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संसद भवन को वक्फ की संपत्ति बनने से बचाया। भारत में दुनिया की सबसे बड़ी वक्फ संपत्ति है, जिसका उपयोग गरीबों के लिए होना चाहिए।
Read Full Story

01:14 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: किरेन रिजिजू बोले- ओवैसी का नाम नहीं लूंगा, लगे ठहाके

मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि किसी भी संपत्ति को वक्फ घोषित कर दिया जाता था। उसकी सुनवाई नहीं होती थी। इसका फायदा कुछ चंद लोग उठाते थे। सदन में मौजूद किसी सांसद ने ओवैसी (AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी) का नाम लिया। इसपर मंत्री ने कहा, "ओवैसी का नाम नहीं लूंगा"। इतना सुनते ही सांसदों ने ठहाका लगा दिया।

 

01:08 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: CAA लागू हुआ तो क्या नागरिकता छीन ली

मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कुछ लोग वक्फ बिल के खिलाफ गलत बातें फैला रहे हैं। वे इसी तरह CAA लागू किए जाने के समय अफवाह फैला रहे थे। क्या CAA लागू होने के बाद किसी की नागरिकता छीनी गई। विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उन्हें माफी मांगने की हिम्मत भी नहीं है। रिजिजू ने कहा कि रजिस्टर्ड संपत्ति में दखल नहीं दी जाएगी। जहां नमाज पढ़ी जाती है व हां कोई दखल नहीं होगा। वक्फ का संबंध धर्म से नहीं सपत्ति से है। मस्जिद, दरगाह छीनने का भ्रम फैलाया जा रहा है।

 

12:57 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: भारत में है दुनिया की सबसे अधिक वक्फ संपत्ति

मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में बताया कि दुनिया में सबसे अधिक वक्फ संपत्ति भारत में है। उन्होंने पूछा कि वक्फ के पास अकूत संपत्ति है फिर मुसलमान गरीबी क्यों है? मंत्री ने कहा कि देश में 8.72 लाख वक्फ संपत्ति है। उन्होंने सवाल किया कि वक्फ की आमदनी इतनी कम क्यों है? कहा कि हम वक्फ की संपत्ति का इस्तेमाल गरीब मुसलमानों के लिए करेंगे।

 

12:53 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: किरेन रिजिजू बोले- जमीन का दर्द कभी आसमान नहीं समझेगा

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश करने के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "...किसी की बात कोई बुरा-गम नहीं समझेगा। जमीन का दर्द कभी आसमान नहीं समझेगा...मुझे उम्मीद ही नहीं बल्कि पूरा यकीन है कि जो लोग इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं, उनके दिलों में बदलाव आएगा। हर कोई सकारात्मक सोच के साथ इस विधेयक का समर्थन करेगा।"

 

 

12:23 PM (IST) Apr 02

वक्फ बिल लोकसभा में पेश

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश किया। उन्होंने कहा कि वक्फ बिल पर व्यापक चर्चा हुई है। 25 राज्यों के वक्फ बोर्डों ने सुझाव दिए हैं। 97 लाख से ज्यादा सुझावों को देखा गया है। बिल पर 96 लाख से ज्यादा याचिकाएं मिलीं। कानून के जानकारों से सुझाव लिए हैं।

 

 

12:18 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: अमित शाह बोले-JPC के सुझावों को किया है स्वीकार

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि JPC ने जो बदलाव सुझाए थे उसपर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के जमाने में ऐसी समिति होती थी जो सिर्फ ठप्पा लगाती थी। हमारे समय ऐसा नहीं है। JPC को जो संशोधन बताए उन्हें स्वीकार किया गया। बिल में सुधार किया गया। फिर इसे लाया गया है।

 

12:13 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: AIMPLB के प्रवक्ता बोले- विल पास हुआ तो करेंगे आंदोलन

वक्फ संशोधन विधेयक पर AIMPLB के प्रवक्ता डॉ. सैयद कासिम रसूल इलियास ने कहा, "अगर यह विधेयक संसद में पारित हो जाता है तो हम इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। चुप नहीं बैठेंगे। सभी कानूनी और संवैधानिक तरीके इस्तेमाल करेंगे। संशोधन वापस लेने तक शांतिपूर्ण आंदोलन चलाएंगे।"

 

 

12:09 PM (IST) Apr 02

Waqf Bill: लोकसभा की कार्यवाही शुरू

लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। वक्फ बिल थोड़ी देर में पेश किया जाएगा। बहस 8 घंटे तक चलेगी। मतदान होने तक रात हो सकती है।

 

11:54 AM (IST) Apr 02

Waqf Bill: AIMPLB ने कहा-वक्फ बिल में संशोधन से एतराज है

वक्फ संशोधन बिल पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) के महासचिव मौलाना मोहम्मद फजलुर रहीम मुजद्दिदी ने कहा है कि उन्हें वक्फ बिल में संशोधन से एतराज है। सरकार ने हमारे सुझावों को नहीं माना। उन्होंने कहा, JPC के संशोधनों से मामला और जटिल हो गया है। जेपीसी महज एक फरेब है, एक धोखा है।"

 

 

11:32 AM (IST) Apr 02

Waqf Bill: गिरिराज सिंह बोले मुसलमानों के हित में है यह बिल

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वक्फ बिल मुसलमानों और गरीबों के हित में है। यह बिल संवैधानिक है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं वो असल में मुस्लिम विरोधी हैं।

 

 

11:28 AM (IST) Apr 02

Waqf Bill के समर्थन में महिलाएं आईं सामने

मध्य प्रदेश के भोपाल में महिलाएं लोकसभा में पेश किए जाने वाले वक्फ (संशोधन) विधेयक के समर्थन में सामने आईं। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारेबाजी की।

 

 

11:24 AM (IST) Apr 02

Waqf Bill से होगा क्या बदलाव, क्यों लाई सरकार?

वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 का उद्देश्य वक्फ बोर्ड के काम को सुव्यवस्थित करना और वक्फ संपत्तियों का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करना है। यह बिल सरकार क्यों लाई है और इससे क्या बदलाव होगा जानने के लिए यह खबर पढ़ें।

Read Full Story

10:58 AM (IST) Apr 02

Waqf Bill: ललन सिंह बोले- संसद में बताएंगे क्या है JDU का स्टैंड

केंद्रीय मंत्री और JDU नेता राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "हम संसद में अपना रुख बताएंगे। JDU और नीतीश कुमार को धर्मनिरपेक्षता की परिभाषा कांग्रेस से समझने की जरूरत नहीं है।"

 

 

10:21 AM (IST) Apr 02

जयंत चौधरी बोले- हम NDA के साथ

केंद्रीय मंत्री और RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बताया है कि वह वक्फ बिल पर सरकार के साथ हैं। उन्होंने कहा, "हम एनडीए के साथ हैं। हमने व्हिप जारी किया है।"

 

10:17 AM (IST) Apr 02

Waqf Bill: जनसेना ने वक्फ संशोधन विधेयक को दिया समर्थन

एनडीए की सहयोगी पार्टी जनसेना ने वक्फ (संशोधन) विधेयक को अपना समर्थन दिया है। पार्टी ने कहा है कि इससे मुस्लिम समुदाय को लाभ होगा। पवन कल्याण ने लोकसभा में जनसेना सांसदों को निर्देश जारी कर मतदान में भाग लेने और विधेयक का समर्थन करने का निर्देश दिया है।