
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में संदेशखाली मामले को लेकर शुरू हुआ बवाल तेज होता जा रहा है। बुधवार को संदेशखाली जाने की कोशिश कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके चलते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें कोलकाता के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सुकांत मजूमदार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संदेशखाली जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें संदेशखाली में घुसने से रोका। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। घटना उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर इचामती नदी के तट पर ताकी में हुई। पुलिस के साथ विवाद के दौरान मजूमदार कार के बोनट पर खड़े होकर पत्रकारों से बात कर रहे थे। हंगामे और अफरा-तफरी के बीच मजूमदार संतुलन खो बैठे और कार के बोनट पर गिर गए और घायल हो गए। उन्हें पहले बशीरहाट सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देख अपोलो हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
संदेशखाली में लागू है धारा 144
संदेशखाली में धारा 144 लगाई गई है। मजूमदार को पहले 24 परगना जिले के ताकी में एक गेस्ट हाउस से बाहर निकलने से रोका गया था। भाजपा नेताओं ने संदेशखाली की ओर मार्च जारी रखा, जिससे पुलिस के साथ झड़प हुई। भाजपा ने घोषणा की कि उसके नेता संदेशखाली की स्थिति के विरोध में बशीरहाट के एसपी ऑफिस का घेराव करेंगे। इससे स्थिति और बिगड़ गई।
सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस तक मार्च किया। इस दौरान पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। मजूमदार ने पहले कहा था कि बंगाल में अराजक स्थिति है। राज्य सरकार सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है। मंगलवार को मजूमदार ने कहा, "संदेशखाली में टीएमसी कार्यकर्ता महीनों से महिलाओं के साथ बलात्कार कर रहे हैं। शेख शाहजहां, शिबू हाजरा और उत्तम सरदार महिलाओं के साथ रेप कर रहे हैं। हम उन्हें गिरफ्तार करने की मांग के साथ शांतिपूर्वक एसपी के पास आए थे। अगर वे उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो संदेशखाली में महिलाओं का आत्मविश्वास कैसे बढ़ेगा?"
क्यों संदेशखाली को लेकर हो रहा विवाद?
संदेशखाली पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में है। सुंदरबन का यह द्वीप बांग्लादेश सीमा से करीब है। यहां सिर्फ नाव से पहुंचा जा सकता है। पिछले दिनों संदेशखाली से तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं के साथ बलात्कार करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया था। महिलाओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के लोग उनके घरों में घुसते हैं। बहू-बेटियों को देखते हैं। कोई महिला सुंदर और कम उम्र की मिले तो उसे अपने साथ ले जाते हैं। उसके साथ कई दिनों तक बलात्कार किया जाता है। मन भरने तक वे महिलाओं को अपने कब्जे में रखते हैं। इस मामले को लेकर भाजपा द्वारा तृणमूल कांग्रेस की सरकार को घेरा जा रहा है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.