WFI Controversy: पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे अरविंद केजरीवाल, कहा- हमारी बहनों के साथ गलत करने वाले को फांसी पर लटका देना चाहिए

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों का समर्थन करने जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों के साथ गलत काम करने वाले को फांसी पर लटका देना चाहिए।

Vivek Kumar | Published : Apr 29, 2023 11:02 AM IST / Updated: Apr 29 2023, 05:01 PM IST

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ पहलवानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्ष के नेता पहुंच रहे हैं और उनका समर्थन कर रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के पास पहुंचे और नाम लिए बिना बृजभूषण शरण सिंह को फांसी पर लटकाने की मांग की।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हमारे देश ये पहलवान जिन्होंने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया था पिछले एक सप्ताह से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं? इनकी पार्टी (भाजपा) के किसी बड़े नेता ने हमारी बहनों के साथ गलत काम किया। वैसे तो हमारे देश की किसी भी लड़की के साथ, बहन के साथ, महिलाओं के साथ, कोई गलत करे तो उस व्यक्ति को तुरंत पकड़कर फांसी पर लटका देना चाहिए।"

दिल्ली के सीएम ने कहा, "यह बड़े दुख की बात है। ये महिलाएं सामान्य महिलाएं नहीं हैं। इन्होंने भात का नाम रोशन किया है। जब इन्होंने मेडल जीते थे तो पूरी दुनिया देख रही थी। इनके हाथ में तिरंगा था और जन गन मन का गाना बज रहा था। इनके साथ किसी ने गलत किया तो FIR के लिए जंतर-मंतर पर बैठना पड़ रहा है।"

अरविंद केजरीवाल बोले- पहलवानों के संघर्ष को सलाम
केजरीवाल ने कहा, "हमारे समाज में किसी भी लड़की के लिए खेलों में नाम कमाना बहुत मुश्किल है। महिलाओं को घर से निकलने से रोका जाता है। मैं इन पहलवानों को सलाम करता हूं। इनके संघर्ष को सलाम करता हूं। एक-एक भारतीय, पूरा देश देख रहा है। आपने पूरे देश को जगा दिया है। पूरा देश आपके साथ है।"

देश की खेल व्यवस्था बदलेगा पहलवानों का आंदोलन

उन्होंने कहा, "अभी दो दिन पहले एक बुजुर्ग मेरे पास आए और बोले मोदी जी ने ठीक नहीं किया। मोदी जी उस दुराचारी को क्यों बचा रहे हैं? देश में ऐसा संदेश जा रहा है कि उनकी पार्टी का कोई गलत कर रहा है तो FIR भी दर्ज नहीं की जाएगी। किसान आंदोलन के दौरान क्या हुआ था? गाड़ी चढ़ा दी थी किसानों पर, पूरा तंत्र उसे बचाने में लग गया था। देश ऐसे तरक्की नहीं कर सकता। एक FIR कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा। इन बच्चों का आंदोलन देश की खेल व्यवस्था बदलेगा।"

पहलवान सुप्रीम कोर्ट गए तब पुलिस ने दर्ज किया FIR
गौरतलब है कि विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर नाबालिग पहलवान समेत महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। जनवरी से साक्षी, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया सहित कई पहलवान बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। पहलवानों ने दिल्ली पुलिस से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन पुलिस FIR दर्ज नहीं कर रही थी। इसके चलते पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई तो पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो FIR दर्ज किया है। एक केस में पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। शनिवार सुबह कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पहलवानों का समर्थन करने जंतर-मंतर पहुंची थीं।

Share this article
click me!