
Sneha Debnath Missing: दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम की 19 साल की छात्रा स्नेहा देबनाथ लापता हैं। वह नई दिल्ली में रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गईं। उनके साथ क्या हुआ, वह कहां हैं, किसी को पता नहीं चल पा रहा है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस और NDRF (National Disaster Response Force) के नेतृत्व में कई एजेंसियों ने उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया है।
स्नेहा देबनाथ दिल्ली यूनिवर्सिटी के आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज की छात्रा हैं। उन्होंने आखिरी बार 7 जुलाई को सुबह 5:56 बजे अपने परिवार के साथ फोन पर बात की थी। इसके बाद से वह गायब हैं। स्नेहा ने अपनी मां को बताया था कि वह अपनी दोस्त पिटुनिया के साथ सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन जा रही है। 7 जुलाई को सुबह 8:45 बजे उसका फोन बंद हो गया। उसके दोस्त पिटुनिया ने बाद कहा कि वह 7 जुलाई की सुबह स्नेहा से नहीं मिली थी।
कैब ड्राइवर ने बताया है कि उसने स्नेहा देबनाथ को सिग्नेचर ब्रिज के पास छोड़ा था। इस इलाके का CCTV फुटेज पुलिस को नहीं मिला है। 9 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने NDRF की मदद से सिग्नेचर ब्रिज के आसपास 7km के दायरे में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
स्नेहा देबनाथ के परिवार ने बताया कि वह बिना कोई सामान लिए चली गई। उसने पिछले 4 महीनों में बैंक से पैसा नहीं निकाला। उसके बैंक खाता से पैसा नहीं निकाला गया है।