
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रोजगार मेला (Rozgar Mela) में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। इसपर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम रोजगार मेला को सबसे बड़ा जुमला बताया है।
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इसके लिए जयराम रमेश पर पलटवार किया है। जयराम को स्पिनमास्टर बताते हुए राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट किया कि वे चिदंबरम और रघुराम राजन की फ्लॉप भूमिका निभाना चाहते हैं। वे पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार की उपलब्धियों को झुमला बता रहे हैं। चिदंबरम ने 2016 में जन धन योजना (JDY) और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) को जुमला बताया था। आज JDY और DBT गरीबों के सशक्तिकरण का शानदार उदाहरण बन गया है। इसने आर्थिक समावेशन को बढ़ावा दिया है। गरीबों के 50 करोड़ से अधिक बैंक अकाउंट खोले गए हैं। इनमें दो लाख करोड़ रुपए जमा हुए हैं।
रघुराम राजन ने किया वित्तीय क्षेत्र को बर्बाद
मंत्री ने कहा कि रघुराम राजन ने UPA की सरकार के दौरान वित्तीय क्षेत्र को बर्बाद किया। उन्होंने कोरोना महामारी के वक्त पीएम नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियों को बेकार करने की कोशिश की और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को तबाह किया। आज भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निर्यात के साथ भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्माता है।
राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने की कोशिश में कांग्रेस मोदी सरकार की उपलब्धियों को बता रही जुमला
अपने ट्वीट में चंद्रशेखर ने कहा कि जयराम ने भारत में बने कोरोना के टीकों के बारे में अनिश्चितताएं पैदा कीं। उनके बॉस ने फाइजर जैसे आयातित टीकों पर जोर दिया। ये कंपनियां भारत पर शर्तें थोप रहीं थीं। मोदी सरकार ने महामारी से लड़ने में वैश्विक स्तर पर बेजोड़ सफलता हासिल की। देशवासियों को 200 करोड़ मेड इन इंडिया टीके लगे। भारत आज दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। सरकारी क्षेत्र में छह लाख युवाओं को जॉब मिला है। प्राइवेट सेक्टर में लाखों लोगों को रोजगार मिला है। इसके बाद भी कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने की कोशिश में मोदी सरकार की उपलब्धियों को जुमला कहा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने जयराम रमेश को दिया करारा जवाब, बोले- झूठ पर टिकी है इनकी राजनीति
मंत्री ने कहा कि जयराम रमेश यह बताना भूल गए कि 2014 में उनकी सरकार ने 42 करोड़ लोगों को बेकार छोड़ा हुआ था। हर चार भारतीय में से तीन अकुशल था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीयों को कुशल बनाने के लिए कठिन परिश्रम किया। 9 साल की उनकी सरकार में युवाओं को कुशल बनाया गया। इससे उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए। भारत की आर्थिक प्रगति तेज हुई। स्पिनमास्टर शायद एक भुलक्कड़ आदमी हैं या अपने पसंद के तथ्यों को चुनने में माहिर हैं। इसलिए तो वे स्पिनमास्टर है। हालांकि वे यह नहीं छिपा सकते कि कांग्रेस राज्य सरकारें बेरोजगारी और महंगाई में आगे हैं। भारतीय राजनीति में सबसे बड़ा झुमला राहुल गांधी और कांग्रेस है।