
Nainar Nagendran: 2026 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने तमिलनाडु में पार्टी संगठन में बदलाव किया है। नैनार नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। नागेंद्रन ने अपना राजनीतिक करियर AIADMK से शुरू किया था। बाद में वह AIADMK छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। अब वह तमिलनाडु भाजपा के 13वें अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। नागेंद्रन पूर्व आईपीएस अधिकारी के अन्नामलाई की जगह लेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने X पर पोस्ट कर नागेंद्रन को तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "तमिलनाडु भाजपा को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ नैनार नागेंद्रन का नामांकन मिला है। तमिलनाडु भाजपा इकाई के अध्यक्ष के रूप में के अन्नामलाई ने सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। चाहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना हो या गांव-गांव तक पार्टी के कार्यक्रमों को पहुंचाना। अन्नामलाई का योगदान अभूतपूर्व रहा है। भाजपा अन्नामलाई के संगठनात्मक कौशल का लाभ पार्टी के राष्ट्रीय ढांचे में उठाएगी।"
नैनार नागेंद्रन तमिलनाडु में भाजपा विधायक दल के प्रमुख हैं। वह 2001 से 2006 तक AIADMK सरकार में मंत्री रहे थे। नागेंद्रन का जन्म 16 अक्टूबर 1960 को वदिवेस्वरम में हुआ था। उनकी गिनती AIADMK नेता जे जयललिता के करीबी लोगों में होती थी। नागेंद्रन ने जयललिता के नेतृत्व वाली AIADMK से अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। वह तिरुनेलवेली सीट से विधायक चुने गए थे। 2001 से 2006 तक जयललिता के मुख्यमंत्री रहने के दौरान वह कैबिनेट मंत्री रहे। बिजली, उद्योग और परिवहन जैसे हाई प्रोफाइल विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
2011 में जब AIADMK सत्ता में वापस आई तो नागेंद्रन को मंत्रिमंडल से बाहर रखा गया। जयललिता की मृत्यु के तुरंत बाद उन्होंने 2017 में AIADMK छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए। नागेंद्रन ने 2020 से तमिलनाडु भाजपा के उपाध्यक्ष के रूप में काम किया। उन्होंने तिरुनेलवेली सीट से 2021 का विधानसभा चुनाव जीता।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.