
World Wildlife Day 2025: आज 3 मार्च है। आज के दिन दुनिया भर में विश्व वन्यजीव दिवस मनाया जाता है। यह दिन वनस्पतियों और जीवों को समर्पित है। इस दिन जंगल और जंगली जानवरों के महत्व के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाई जाती है। वन्यजीव स्वच्छ हवा, भोजन और स्वस्थ वातावरण के लिए जरूरी है। ये नेचर के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विश्व वन्यजीव दिवस 2025 का थीम "वन्यजीव संरक्षण वित्त: लोगों और ग्रह में निवेश" (Wildlife Conservation Finance: Investing in People and Planet) है। यह नेचर और समुदायों दोनों के लिए एक स्थायी भविष्य सुनिश्चित करते हुए वन्यजीव संरक्षण के लिए पैसे जुटाने के बेहतर तरीके खोजने पर केंद्रित है।
विश्व वन्यजीव दिवस की शुरुआत 2013 में हुई थी। थाईलैंड ने वन्यजीव संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक दिन समर्पित करने का प्रस्ताव रखा था। 20 दिसंबर 2013 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने आधिकारिक तौर पर 3 मार्च को विश्व वन्यजीव दिवस घोषित किया। इसके बाद पहला विश्व वन्यजीव दिवस 2014 में मनाया गया।
3 मार्च डेट चुनने का खास कारण है। इसी दिन 1973 में वन्य जीव-जंतुओं और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (CITES) पर साइन किए गए थे। CITES एक वैश्विक समझौता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव व्यापार से पशु और पौधों की प्रजातियों के अस्तित्व को कोई खतरा न हो।
इंसानों की आबादी बढ़ने के साथ ही जंगल कम हुए हैं। पर्यावरण भी बदल रहा है। इसके चलते 10 लाख से ज्यादा प्रजाति के वन्यजीव विलुप्त होने की कगार पर हैं। अगर इन्हें अभी नहीं बचाया गया तो वे इस धरती से खत्म हो जाएंगे। इसके चलते आम लोगों के बीच जंगल और इसमें रहने वाले जानवरों को लेकर जागरूकता फैलाना जरूरी है। विश्व वन्यजीव दिवस के दिन यह काम पूरी दुनिया में किया जाता है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.