IND vs PAK Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 के मेंस टी20 क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 20 ओवर में 211/6 का विशाल स्कोर बनाया है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने तूफानी अर्धशतक जड़े। भारत ने पावरप्ले में 81/2 का रिकॉर्ड स्कोर भी बनाया।
आइची-नागोया (जापान): एशियन गेम्स 2026 के मेंस टी20 क्रिकेट इवेंट के गोल्ड मेडल मैच में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 211/6 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया है। शनिवार को खेले गए इस खिताबी मुकाबले में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने तूफानी फिफ्टी जड़ी। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने धांसू शुरुआत की। ओपनर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने दूसरे ही ओवर में पाकिस्तानी स्पिनर साद मसूद की जमकर कुटाई की और 24 रन बटोर लिए।
वैभव सूर्यवंशी को सईम अयूब ने किया आउट
हालांकि, अगले ही ओवर में ऑलराउंडर सईम अयूब ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर दिया। वैभव ने 9 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 15 रन बनाए। विकेट गिरने के बाद भी रनों की रफ्तार कम नहीं हुई। अभिषेक ने अयूब को एक छक्का और लगातार दो चौके जड़े, जिससे भारत का स्कोर 43/1 तक पहुंच गया।
चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अहमद दानियाल ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को सिर्फ दो रन पर पवेलियन भेज दिया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 63/2 था।
छठे ओवर की आखिरी गेंद पर ओपनर अभिषेक शर्मा ने दानियाल के खिलाफ सिर्फ 20 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। पावरप्ले खत्म होने तक भारत ने 81/2 का स्कोर बना लिया था और टीम बेहद मजबूत स्थिति में आ गई।
पावरप्ले में यह भारत का सबसे बड़ा स्कोर
टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ पावरप्ले में यह भारत का सबसे बड़ा स्कोर (81/2) है। इससे पहले दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर फोर मैच में भारत ने 69/0 का स्कोर बनाया था। उस मैच में अभिषेक ने 24 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी, जो इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की पिछली सबसे तेज फिफ्टी थी।
इसके बाद आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर अराफात मिन्हास ने अभिषेक शर्मा का बड़ा विकेट चटकाया। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज 28 गेंदों में 61 रनों की शानदार पारी खेलकर स्टंप आउट हो गया। अपनी इस पारी में उन्होंने सात छक्के और तीन चौके लगाए। 10 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 114/3 तक पहुंच गया।
14वें ओवर की पहली गेंद पर अराफात मिन्हास ने अपना दूसरा विकेट लिया। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को क्लीन बोल्ड कर दिया। ईशान ने 18 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाए और भारत का स्कोर 133/4 हो गया। 15वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर भी आउट हो गए। अबरार अहमद ने उन्हें 21 रन (24 गेंद, दो चौके) पर चलता किया। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 142/5 था।
सुफियान मुकीम के 18वें ओवर में तिलक वर्मा ने एक चौका और लगातार दो छक्के जड़े, जिससे भारत का स्कोर 172/5 तक पहुंच गया। अगले ही ओवर में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने सईम अयूब की जमकर धुनाई की और 23 रन बटोरे। इससे भारत का स्कोर तेजी से 195/5 हो गया। 20वें ओवर की पहली गेंद पर अहमद दानियाल ने दुबे का बड़ा विकेट लिया। दुबे 15 गेंदों में 27 रन (दो चौके, दो छक्के) बनाकर आउट हुए।
जब तिलक वर्मा ने खेली धांसू पारी
हालांकि, तिलक वर्मा ने इसके बाद टॉप गियर लगा दिया। उन्होंने तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो छक्के जड़े और फिर पांचवीं गेंद पर सिर्फ 21 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उनकी इस पारी से भारत 200 रन के पार पहुंच गया। भारत ने 20 ओवर में 211/6 का मजबूत स्कोर बनाया। वर्मा 22 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे।
पाकिस्तान की तरफ से अहमद दानियाल (2/43) और अराफात मिन्हास (2/25) ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, सईम अयूब (1/47) और अबरार अहमद (1/29) को एक-एक विकेट मिला। (
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।