
बेंगलुरु: बेंगलुरु से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि वो घर वालों के कहने पर दूसरी शादी करने जा रही थी। ये वारदात शुक्रवार को तिगलारपाल्या इलाके में हुई। मरने वाली लड़की की पहचान भवानी (22) के तौर पर हुई है, जो तिगलारपाल्या के तुलसीनगर की रहने वाली थी। भवानी के पिता श्रीनिवास की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ऑटो ड्राइवर चंद्रशेखर उर्फ चंदन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि भवानी मूल रूप से मागडी तालुक की थी और तिगलारपाल्या में किराए के घर में रहती थी। वो पास की एक मोबाइल दुकान में काम करती थी। उसके माता-पिता हफ्ते में एक बार उससे मिलने आते थे। चंद्रशेखर भी तिगलारपाल्या में ही रहता था और ऑटो चलाता था। पिछले एक साल से भवानी काम पर जाने के लिए चंदन का ही ऑटो लेती थी। इसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया।
कुछ महीने पहले दोनों ने एक मंदिर में चुपके से शादी कर ली थी, लेकिन अलग-अलग ही रह रहे थे। उन्होंने अपने घर वालों को इस बारे में कुछ नहीं बताया था। हालांकि, चंदन अक्सर भवानी के घर आता था और एक-दो दिन रुककर चला जाता था।
भवानी के घर वालों को इस सीक्रेट शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। लेकिन उन्हें ये पता चल गया था कि उनकी बेटी किसी लड़के से प्यार करती है। इसलिए उन्होंने भवानी की शादी कहीं और तय करने की तैयारी शुरू कर दी। घर वालों के दबाव में आकर भवानी भी दूसरी शादी के लिए तैयार हो गई। जब ये बात चंद्रशेखर को पता चली तो वो आगबबूला हो गया। उसने भवानी से झगड़ा किया और कहा, "हमारी शादी हो चुकी है, फिर तुम दूसरी शादी कैसे कर सकती हो?" उसने भवानी के साथ मारपीट भी की। इस सबसे घबराकर भवानी ने चंदन से अपनी शादी की बात घर वालों से छिपाए रखी। लेकिन उसने अपने घरवालों को ये जरूर बताया कि चंदन उस पर शादी न करने का दबाव डाल रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।
13 जून की सुबह चंदन फिर भवानी के घर पहुंचा और दूसरी शादी न करने का दबाव बनाने लगा। जब भवानी ने मना किया, तो वो जहर की बोतल ले आया और कहा कि चलो दोनों पीकर मर जाते हैं। भवानी ने सुसाइड करने से मना कर दिया। इसके बाद, आरोपी ने जबरदस्ती उसे ज्यादा जहर पिलाया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में, उसने खुद भी थोड़ा सा जहर पिया और कुछ अपने ऊपर गिरा लिया ताकि ये एक सुसाइड का मामला लगे।
इस वारदात से ठीक पहले, चंदन ने अपने इंस्टाग्राम पर मंदिर में हुई शादी की तस्वीरें स्टोरी में लगा दी थीं। भवानी की बड़ी मां (मौसी) ने ये स्टोरी देख ली। उन्होंने तुरंत भवानी के पिता श्रीनिवास को फोन करके पूरी बात बताई और वीडियो का लिंक भी भेजा। ये सुनकर श्रीनिवास घबरा गए और उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। शक होने पर श्रीनिवास ने मकान मालिक को फोन किया। मकान मालिक जब भवानी के कमरे पर गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। बहुत आवाज देने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद श्रीनिवास तुरंत बेंगलुरु पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर सब हैरान रह गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या का मामला सामने आ चुका था। पुलिस ने बीमार हालत में पड़े चंदन को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। ठीक होने के बाद जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी चंदन पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।