
Bilaspur Warehouse Road Accident CCTV: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार सुबह हुआ एक दर्दनाक सड़क हादसा पूरे शहर को झकझोर गया। वेयरहाउस रोड पर तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने स्कूटी से जा रहे 16 वर्षीय छात्र को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद कार सीधे सामने से आ रही स्कूल की मिनी बस से जा टकराई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे कार वेयरहाउस रोड की ओर तेज रफ्तार से जा रही थी। संजीवनी अस्पताल के सामने चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रहा छात्र कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरा।
कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कुछ ही सेकंड बाद सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस से जा टकराया। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
वीडियो बेहद भयावह है👇
बिलासपुर में एक नाबालिग कार लेकर सड़क पर निकल पड़ा। नतीजा इतना दर्दनाक हुआ कि स्कूटी सवार एक छात्र की जान चली गई।
यह घटना सिर्फ़ एक बच्चे की गलती नहीं बताती, बल्कि माता-पिता की लापरवाही का नतीजा है। pic.twitter.com/VdXrKqAdRc— Priya singh (@priyarajputlive) July 13, 2026
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। उसकी पहचान मंगला निवासी 16 वर्षीय रुद्र प्रताप शर्मा के रूप में हुई। हालत गंभीर होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।
यदि जांच में यह साबित होता है कि वाहन नाबालिग चला रहा था, तो मोटर वाहन अधिनियम के साथ अन्य संबंधित धाराओं के तहत वाहन मालिक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी दिन बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार इलाके में भी हाईवा की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों सड़क हादसों की जांच पुलिस अलग-अलग स्तर पर कर रही है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।