
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसने पिछले 8 दिनों में पाकिस्तान के बलूचिस्तान में कुल 22 हमले किए हैं। BLA के मुताबिक, इन हमलों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों, पुलिस चौकियों, सेना के काफिलों और कथित तौर पर सरकार समर्थित हथियारबंद समूहों को निशाना बनाया गया। BLA का दावा है कि इन हमलों में पाकिस्तानी सेना और कथित ‘डेथ स्क्वाड’ के करीब 26 जवान मारे गए हैं, जबकि कई अन्य जवान घायल हुए हैं। संगठन ने एक कथित सदस्य को जिंदा पकड़े जाने का भी दावा किया है।
BLA का कहना है कि उसके लड़ाकों ने पिछले आठ दिनों के दौरान बलूचिस्तान में सुरक्षा ठिकानों, पुलों और वाहनों पर हमले किए। संगठन ने कमर्शियल वाहनों को निशाना बनाने का भी दावा किया है। BLA के मुताबिक, यह कार्रवाई उसकी कथित आर्थिक नाकेबंदी का हिस्सा है। हालांकि, इन सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
BLA के मुताबिक, 9 अगस्त को चागाई में नोक चाह के पास क्वेटा-ताफ्तान ट्रेड रूट पर उसके लड़ाकों ने तीन कमर्शियल गाड़ियों को रोककर जब्त किया। संगठन का दावा है कि यह कार्रवाई उसके आर्थिक नाकेबंदी अभियान के तहत की गई थी।
10 अगस्त को खारन हाईवे पर जोमी में BLA ने पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेने का दावा किया। संगठन के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने विस्फोटक का इस्तेमाल कर एक पुलिस पोस्ट को नष्ट कर दिया। BLA का कहना है कि हिरासत में लिए गए पुलिसकर्मियों को बाद में छोड़ दिया गया।
BLA ने दावा किया कि 11 अगस्त को बुलेदा के सुराप इलाके में उसके लड़ाकों ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक कथित हथियारबंद समूह के ठिकाने पर छापेमारी की। संगठन के मुताबिक, इस कार्रवाई में समूह का कथित लीडर मारा गया। वहीं, मुहिबुल्लाह, दुर्रा, अहमद और तलहा नाम के चार अन्य लोगों के घायल होने का दावा किया गया।
BLA ने विस्फोटक का इस्तेमाल कर छत्तर पुलिस स्टेशन को नष्ट करने की जिम्मेदारी भी ली है। यकमाच बाजार में भी BLA ने गोलीबारी का दावा किया। संगठन के मुताबिक, इस गोलीबारी में तीन कमर्शियल गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि एक अन्य गाड़ी को जब्त कर लिया गया।
BLA ने रोडेनजो, कलात में पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को IED से निशाना बनाने का दावा किया। संगठन के मुताबिक, इस हमले में पाकिस्तानी सेना के 17 जवान मारे गए। इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
BLA के मुताबिक, 13 अगस्त को चितकान, पंजगुर में पुलिस लाइन को ग्रेनेड से निशाना बनाया गया। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में एक पुलिस अधिकारी घायल हुआ।
14 अगस्त को तुर्बत में BLA ने पाकिस्तानी सेना के काफिले पर मोटरसाइकिल पर लगाए गए रिमोट-कंट्रोल IED से हमला करने का दावा किया। BLA के मुताबिक, इस हमले में तीन जवान मारे गए और चार जवान गंभीर रूप से घायल हुए।
BLA ने 15 अगस्त को सराब के मुल मदरसा इलाके में विस्फोटकों के इस्तेमाल का दावा किया। संगठन के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने यहां सेना की दो चौकियों और एक पुल को नष्ट कर दिया। इस तरह BLA ने आठ दिनों के दौरान बलूचिस्तान में कुल 22 हमलों का दावा किया है। इन कार्रवाइयों में सेना और पुलिस के ठिकानों के अलावा सैन्य काफिलों, पुलों और कमर्शियल वाहनों को भी निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। हालांकि, BLA की ओर से किए गए हताहतों और नुकसान से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।