
BRICS Summit Delhi: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर 2026 को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन से ठीक पहले चीन ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। 10 सितंबर को चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन से जब जिनपिंग के दिल्ली आने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास साझा करने के लिए कोई जानकारी नहीं है।
मीडिया ब्रीफिंग के दौरान गुओ जियाकुन से पूछा गया कि क्या शी जिनपिंग BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आएंगे। इस पर उन्होंने कोई पुष्टि नहीं की। चीन के इस रुख के बाद सम्मेलन से पहले जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है। इससे पहले मई और अगस्त 2026 की कुछ रिपोर्टों में उनके सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई गई थी।
अगर शी जिनपिंग BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आते हैं, तो यह 2020 की गलवान घाटी झड़प के बाद उनकी पहली नई दिल्ली यात्रा होगी। ऐसे में उनके दौरे को भारत-चीन संबंधों में तनाव कम करने और सहयोग की संभावनाओं के संकेत के तौर पर भी देखा जा सकता है।
हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर तनाव रहा है, हालांकि पिछले कुछ समय में कूटनीतिक स्तर पर रिश्तों को सामान्य बनाने की कोशिशें भी दिखाई दी हैं।
पूर्व BRICS शेरपा और भारतीय राजनयिक संजय भट्टाचार्य ने कहा कि बहुपक्षीय बैठकों के दौरान भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय बातचीत की संभावनाएं भी बनती हैं। उनके मुताबिक, दोनों देश बड़ी सभ्यतागत शक्तियां और उभरती अर्थव्यवस्थाएं हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मतभेदों के बावजूद दोनों देश क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर सहयोग का रास्ता तलाश सकते हैं। आर्थिक क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सहयोग की भी बड़ी संभावनाएं हैं।
भारत और चीन के रिश्तों में तनाव की पृष्ठभूमि काफी पुरानी है। 1962 के युद्ध के बाद दोनों देशों के बीच सीमा विवाद लगातार एक महत्वपूर्ण मुद्दा बना रहा। जून 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद संबंधों में एक बार फिर गंभीर तनाव पैदा हुआ था। इस घटना में 20 भारतीय और 4 चीनी सैनिकों की मौत हुई थी।
इसके बाद दोनों देशों ने सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर कई दौर की बातचीत की। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन में भागीदारी के दौरान भी भारत-चीन संबंधों में नरमी के संकेत मिले थे।
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण” रखी गई है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सम्मेलन में मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, अब सबसे ज्यादा नजर शी जिनपिंग के संभावित दौरे पर है। चीन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण BRICS सम्मेलन शुरू होने से पहले जिनपिंग की भारत यात्रा सबसे बड़े कूटनीतिक सवालों में से एक बनी हुई है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।