BRICS Summit 2026: दिल्ली तैयार, भारत मंडपम में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज, PM मोदी करेंगे मेजबानी

Bimla Kumari   | ANI
Published : Sep 10, 2026, 09:35 AM IST
Prime Minister Narendra Modi (File Photo/ANI)

सार

Narendra Modi BRICS Summit: भारत 12-13 सितंबर को BRICS समिट 2026 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में यह बैठक दिल्ली के भारत मंडपम में होगी। इस समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई देशों के बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली एक बार फिर दुनिया के बड़े नेताओं की मेजबानी के लिए तैयार है। 12 और 13 सितंबर 2026 को भारत मंडपम में BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। सम्मेलन को लेकर राजधानी को खास अंदाज में सजाया गया है। जगह-जगह पोस्टर, रोशनी और स्वागत संदेश नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अहम वैश्विक सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।

भारत की अध्यक्षता में होगा BRICS Summit 2026

भारत वर्ष 2026 के लिए BRICS का अध्यक्ष है। इस बार सम्मेलन की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है। शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के अलावा साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता, विदेशी प्रतिनिधि तथा कई अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

BRIC से BRICS तक, ऐसे बढ़ता गया संगठन

BRICS की शुरुआत BRIC के तौर पर हुई थी। इसमें ब्राजील, रूस, भारत और चीन शामिल थे। इन चार देशों के विदेश मंत्रियों की पहली बैठक 2006 में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई थी। इसके बाद वर्ष 2009 में रूस के येकातेरिनबर्ग में पहला BRIC शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया।

2011 में दक्षिण अफ्रीका के संगठन में शामिल होने के बाद इसका नाम BRICS हो गया। इसके बाद भी समूह का विस्तार जारी रहा। जनवरी 2024 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात इसके सदस्य बने। जनवरी 2025 में इंडोनेशिया के शामिल होने के बाद इसका दायरा और बढ़ गया।

पुतिन के दौरे पर भी दुनिया की नजर

BRICS Summit 2026 में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल होंगे। एक साल के भीतर यह उनका दूसरा भारत दौरा होगा। इससे पहले वह दिसंबर 2025 में द्विपक्षीय वार्ता के लिए नई दिल्ली आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अगस्त को बिश्केक में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन को BRICS सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया था।

जिनपिंग आए तो मोदी से मुलाकात पर रहेगा फोकस

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि उनकी यात्रा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अगर जिनपिंग भारत आते हैं तो 2019 में मामल्लापुरम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई अनौपचारिक मुलाकात के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह रहेगा कि क्या BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और शी जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेताओं की संभावित मुलाकात पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रहेगी।

इन बड़े नेताओं के पहुंचने की भी उम्मीद

सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद के शामिल होने की उम्मीद है।

इसके अलावा बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के आने की भी संभावना है, हालांकि उनकी मौजूदगी का औपचारिक ऐलान अभी बाकी है।

35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक बदलाव

दुनिया के कई बड़े नेताओं की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर खास तैयारी की है। 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक को नियंत्रित या डायवर्ट किया जाएगा। इसका असर मुख्य रूप से सेंट्रल दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा।

VIP काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर थोड़े समय के लिए ट्रैफिक रोका भी जा सकता है। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी जा सकती है।

12 सितंबर को क्या होगा?

BRICS Summit 2026 की शुरुआत शनिवार, 12 सितंबर को होगी। इस दिन सदस्य देशों के नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे। इसके बाद समिट हॉल में सदस्य देशों के नेताओं के लिए बंद कमरे में बैठक होगी। इसका विषय “Inclusive Global Governance and Strengthening Multilateralism” रखा गया है।

बैठक के बाद सभी नेता ‘भारत इनोवेट्स एग्जिबिशन’ का दौरा करेंगे। इसके बाद लॉन में सभी नेताओं की सामूहिक तस्वीर होगी और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दिन का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भारत मंडपम में आयोजित गाला डिनर के साथ होगा।

13 सितंबर को होगा मुख्य सत्र

रविवार, 13 सितंबर को BRICS के साझेदार और मेहमान देशों के नेता भारत पहुंचेंगे। उनके साथ भी सामूहिक तस्वीर का कार्यक्रम होगा। इसके बाद भारत मंडपम के समिट हॉल में सम्मेलन का मुख्य सत्र आयोजित किया जाएगा।

इस सत्र की थीम “Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth” है। इस दौरान वैश्विक विकास, मजबूती, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Raghav Chadha: वोटर लिस्ट विवाद में आया नया मोड़, दिल्ली के CEO ऑफिस ने बताया पूरा सच
Vijay Stalin Controversy: विजय के एक इशारे पर क्यों भड़की DMK? क्या है 50 साल पुराना इमरजेंसी का किस्सा?