
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान गढ़बेंगाल घोटुल पहुंचकर बस्तर की समृद्ध परंपराओं और लोक-संस्कृति के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता दिखाई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुन और ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत के बीच मुख्यमंत्री स्वयं भी लोक रंग में रंगे नजर आए। यह दौरा बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने वाला रहा।
मुख्यमंत्री ने घोटुल की अनोखी स्थापत्य कला का अवलोकन किया और बस्तर की विभूतियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि घोटुल प्राचीन काल से आदिवासी समाज का शैक्षणिक और संस्कार केंद्र रहा है। चेंदरू पार्क के पास स्थित यह आधुनिक घोटुल नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ेगा और देश-विदेश के पर्यटकों को आदिवासी जीवनशैली से परिचित कराएगा। गढ़बेंगाल का यह घोटुल हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का मजबूत प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोटुल परिसर में लेय्योर और लेयोस्क कुरमा (युवाओं और युवतियों के कक्ष) का निरीक्षण किया। साथ ही बिडार कुरमा में पारंपरिक वेशभूषा, प्राचीन वाद्ययंत्र और सांस्कृतिक सामग्रियों के संग्रह को देखा। ग्रामीणों के आग्रह पर उन्होंने सगा कुरमा में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लिया और स्थानीय खान-पान संस्कृति को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री के भोजन में गाटो-भात, कोदो-भात, उड़िद दार, हिरुवा दार, जीरा भाजी, कनकी पेज, घिरोल फूल भाजी, चाटी भाजी, कांदा भाजी, मुनगा भाजी, इमली आमट, मड़िया पेज, टमाटर चटनी, चिला रोटी, रागी कुरमा, रागी केक, रागी लड्डू और रागी जलेबी परोसी गई।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, पद्मश्री पंडीराम मंडावी, लोक कलाकार बुटलू राम और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्रीमती संध्या पवार ने मुख्यमंत्री के साथ बैठकर पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने इस प्रवास को औपचारिक न रखकर आत्मीय मिलन का रूप दिया। उन्होंने वैद्यराज पद्मश्री हेमचंद मांझी, पद्मश्री पंडीराम मंडावी और प्रसिद्ध लोक कलाकार बुटलू राम से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। साथ ही टाइगर बॉय चेंदरू के परिवार से भी भेंट की।
वन विभाग और पद्मश्री पंडीराम मंडावी के मार्गदर्शन में बना यह घोटुल पूरी तरह इको-फ्रेंडली सामग्री—लकड़ी, मिट्टी और बांस—से तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने घोटुल के खंभों पर की गई बारीक नक्काशी की सराहना की, जिसे स्वयं पंडीराम मंडावी ने उकेरा है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।