
दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के निर्माण की औपचारिक शुरुआत कर दी है। सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायाफ्राम वॉल निर्माण के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना का काम शुरू हो गया है। इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद राजधानी के कई प्रमुख इलाकों तक पहुंच आसान होगी और मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा ड्राइवरलेस कॉरिडोर बन जाएगी।
DMRC के अनुसार, सराय रोहिल्ला स्टेशन मैजेंटा लाइन के इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का प्रमुख भूमिगत स्टेशन होगा। यह स्टेशन सेंट्रल दिल्ली के महत्वपूर्ण इलाके में स्थित है, जहां करोल बाग मार्केट, देशबंधु गुप्ता रोड, कई शिक्षण संस्थान और सिनेमा हॉल जैसे प्रमुख स्थान मौजूद हैं। डायाफ्राम वॉल निर्माण शुरू होने के साथ परियोजना ने निर्माण के अहम चरण में प्रवेश कर लिया है।
इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर की कुल लंबाई 12.377 किलोमीटर होगी और यह पूरी तरह भूमिगत बनाया जाएगा। इस रूट पर 10 नए भूमिगत स्टेशन विकसित किए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद मैजेंटा लाइन का विस्तार बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक करीब 89 किलोमीटर हो जाएगा, जिससे यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सबसे लंबी लाइन बन जाएगी।
इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत इसकी मल्टी-इंटरचेंज सुविधा होगी। यात्री इंद्रलोक पर रेड और ग्रीन लाइन, नई दिल्ली स्टेशन पर येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस, दिल्ली गेट पर वॉयलेट लाइन तथा इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से आसानी से जुड़ सकेंगे। इससे राजधानी में यात्रा का समय कम होगा और अलग-अलग इलाकों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा।
नया कॉरिडोर सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, अरुण जेटली स्टेडियम, झंडेवालान मंदिर, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा जैसे महत्वपूर्ण स्थानों तक बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे रोजाना लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
DMRC ने बताया कि विस्तार पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन लगभग 89 किलोमीटर लंबी पूरी तरह ड्राइवरलेस मेट्रो लाइन होगी। वहीं, जनकपुरी पश्चिम से आर.के. आश्रम मार्ग तक के प्रायोरिटी कॉरिडोर और सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में भी निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर की मेट्रो कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक मजबूत और सुविधाजनक हो जाएगी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।