Delhi Building Collapse: दिल्ली के न्यू सीमापुरी में गिरी 4 मंजिला इमारत, अब तक 4 की मौत

Published : Oct 08, 2026, 08:00 AM IST
Delhi Building Collapse

सार

Delhi building collapse: दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या चार हो गई है। मलबे से आठ घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल कई एजेंसियां मौके पर बचाव कार्य में जुटी हैं।

Seemapuri Building Collapse: दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईदगाह मछली मंडी के पास एक चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। रेस्क्यू टीम ने मलबे से एक और शव बाहर निकाला है। वहीं, हादसे में घायल आठ लोगों को सुरक्षित निकालकर ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान अभी भी जारी है।

दो बच्चों समेत चार की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में करीब 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। दूसरी मृतक की पहचान 21 वर्षीय गुलफसा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब चार महीने की गर्भवती थी। तीसरे मृतक बच्चे की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है। रेस्क्यू के दौरान एक और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या चार हो गई है।

8 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

मलबे से निकाले गए घायलों में मोमिन मिर्जा (56), 3 साल का बच्चा, अब्दुल रहमान (28), देवरुद्दीन (28), सलमा (50), छोटे (34), सकीना (35) और समद (30) शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मलबे में अभी भी लोगों के दबे होने की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, MCD, DDMA, CATS और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, 2 से 3 लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है।

शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, यह करीब 25 गज में बनी चार मंजिला इमारत थी। सभी एजेंसियां मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं।

पड़ोसी इमारत में चल रहे काम पर उठे सवाल

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के DM अजय कुमार ने बताया कि इमारत दोपहर करीब 3:15 बजे गिरी। चश्मदीदों के हवाले से उन्होंने बताया कि बगल वाली इमारत में तोड़फोड़ का काम चल रहा था। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मशीनों के कंपन की वजह से इमारत की संरचना प्रभावित हुई हो सकती है। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

दिल्ली सरकार की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी हादसे को बेहद दुखद बताया और कहा कि फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने के प्रयास जारी हैं।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

IndiGo Flight 6E925: 17 हजार फीट पर कैसे डैमेज हुआ विमान का नोज? ओले, बिजली या कुछ और!
CJP Protest 10 October: दिल्ली में 4,000 जवान तैनात, 2,800 लोगों पर खास नजर, जानें पूरा प्लान