
दिल्ली के रोहिणी इलाके से बाइक चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और शोरूम मालिकों दोनों को हैरान कर दिया। यहां एक युवक बड़े ही शातिर तरीके से टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक लेकर फरार हो जाता था। कई बार ऐसी घटनाएं होने के बाद जब पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया, तब जाकर इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो सका।
पुलिस ने इस मामले में एमबीए के एक छात्र को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग शोरूम से इसी तरह बाइक चोरी कर चुका था। आरोपी के पास से छह महंगी मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक 19 मार्च को विजय विहार थाने में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत रॉयल एनफील्ड शोरूम के सेल्सपर्सन दीपक खन्ना ने की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक युवक शोरूम में आया और टेस्ट ड्राइव के लिए बाइक ले गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। शुरुआत में लगा कि शायद युवक थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन जब काफी समय बीत गया और उसका कोई पता नहीं चला तो शोरूम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: Gurugram Shocker: ‘नीचे आओ, बात करनी है’ और कुछ देर बाद नर्स की मौत, मिला ऐसा सुराग कि...
लगातार मिल रही ऐसी शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने शोरूम को टेस्ट ड्राइव के लिए दी जाने वाली बाइकों में जीपीएस ट्रैकर लगाने की सलाह दी थी। इस बार वही प्लान काम आ गया। जांच के दौरान पता चला कि जिस बाइक को युवक टेस्ट ड्राइव के नाम पर ले गया था, उसमें जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ था। ट्रैकर की मदद से बाइक की लोकेशन भलस्वा डेयरी इलाके में मिली। इसके बाद थाना प्रभारी मनोहर लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पुनीत सतीजा के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में शोरूम से इसी तरह बाइक चोरी करता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छह महंगी मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें से पांच बाइक बुराड़ी इलाके से बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक 29 वर्षीय पुनीत सतीजा हरियाणा के रेवाड़ी का रहने वाला है और एमबीए का छात्र है। उसने बताया कि बीबीए की पढ़ाई के दौरान उसने एक रॉयल एनफील्ड शोरूम में छह महीने तक सेल्समैन के तौर पर इंटर्नशिप की थी। इसी दौरान उसे यह समझ आ गया था कि टेस्ट ड्राइव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में क्या कमजोरियां होती हैं और वह उसी का फायदा उठाने लगा।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का रेवाड़ी में कार एक्सेसरीज का कारोबार था। बाद में उसने खुद भी इस कारोबार को नए सिरे से शुरू करने की कोशिश की, लेकिन इसमें उसे करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हो गया। आर्थिक तंगी बढ़ने के बाद उसने आसान पैसा कमाने के लिए बाइक चोरी का रास्ता चुन लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी इन चोरी की गई बाइकों को आगे कहां बेचता था।
यह भी पढ़ें: Agra-Lucknow Expressway Accident: एक झटके में पलट गई बस, कैसे हुआ एक्सीडेंट?
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।