
Delhi Woman Solo Trip: उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ और झीलों के लिए मशहूर नैनीताल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली की 31 साल की एक महिला के लिए सोलो ट्रिप उस समय बुरे सपने में बदल गया जब टैक्सी ड्राइवर ने कथित तौर पर सुनसान सड़क पर गाड़ी रोककर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए महिला को रात भर जंगल में छिपकर बितानी पड़ी।
पुलिस के अनुसार यह घटना 5 मार्च की रात की है। महिला दिल्ली से यात्रा करते हुए पहले देहरादून पहुंची और फिर काठगोदाम से नैनीताल जाने के लिए टैक्सी किराए पर ली। शुरू में सब सामान्य था, लेकिन देर रात करीब 1:30 बजे हालात अचानक बदल गए। रास्ते में ड्राइवर ने गाड़ी को मुख्य सड़क से हटाकर एक सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया। यह जगह पटवा डांगर के पास बताई जा रही है। महिला को शक हुआ तो उसने विरोध किया, लेकिन आरोप है कि ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी और उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।
महिला के अनुसार ड्राइवर ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसके साथ गलत करने की कोशिश की। स्थिति को समझते हुए महिला ने हिम्मत दिखाई और मौका मिलते ही गाड़ी से निकलकर जंगल की तरफ भाग गई। घायल हालत में और बिना मोबाइल फोन के वह पूरी रात घने जंगल में छिपी रही ताकि आरोपी उसे ढूंढ न सके।
किसी तरह सुबह होते ही महिला पास के पटवा डांगर गांव पहुंची। वहां के स्थानीय लोगों ने उसकी मदद की और उसे पुलिस के पास ले गए। इसके बाद महिला ने पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सबूत जुटाए और महिला को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेप की कोशिश, लूट और किडनैपिंग से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV कैमरों, टैक्सी के नंबर और GPS सिस्टम की मदद ली। इसके आधार पर आरोपी ड्राइवर की पहचान दीपक सिंह बोरा (39) के रूप में हुई, जो हल्द्वानी का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से महिला का चोरी हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और जिस टैक्सी में यह घटना हुई थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Manjunath TC ने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टैक्सी मालिकों को भी चेतावनी दी कि वे ड्राइवरों को गाड़ी देने से पहले उनके दस्तावेज और पहचान की पूरी जांच करें। नियमों का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
यह घटना एक बार फिर सवाल उठाती है कि क्या लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त हैं। खासकर सोलो ट्रैवल करने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। हालांकि इस मामले में महिला की हिम्मत और सूझबूझ की वजह से एक बड़ा अपराध होने से टल गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।