Delimitation Bill: परिसीमन के प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी हुई तो उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का चुनावी नक्शा बदल सकता है। यूपी में 80 से 120 और MP में 29 से 43 सीटें होने का अनुमान है, जानिए नए आंकड़ों का पूरा गणित।
लखनऊ/ भोपाल. लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाने को लेकर प्रस्तावित परिसीमन की चर्चा के बीच सबसे ज्यादा नजर देश के बड़े राज्यों पर है। अगर लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मौजूदा सीटों पर सीधे लागू करके गणित समझें, तो उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सांसदों की संख्या कितनी हो सकती है? यूपी देश का सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाला राज्य है, जबकि मध्य प्रदेश भी राजनीतिक रूप से अहम राज्य है। प्रस्तावित बढ़ोतरी का गणित दोनों राज्यों की संसदीय सीटों को लेकर दिलचस्प तस्वीर दिखाता है।
यूपी में 40 और MP में 14 सीटें बढ़ने का अनुमान
प्रस्तावित गणित के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। यानी प्रदेश में 40 नए संसदीय क्षेत्र जुड़ सकते हैं। वहीं मध्य प्रदेश में मौजूदा 29 सीटों की संख्या बढ़कर 43 हो सकती है। यहां 14 सीटों का इजाफा होने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में सीटों की संख्या बढ़ने से प्रदेश के चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नए संसदीय क्षेत्र बनने से कई जिलों और शहरी इलाकों का प्रतिनिधित्व बदल सकता है। राजनीतिक दलों को भी नए क्षेत्रों में उम्मीदवार तलाशने और अपनी रणनीति बनाने की चुनौती होगी।
मध्य प्रदेश में भी 14 अतिरिक्त सीटों का अनुमान राजनीतिक लिहाज से अहम है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे शहरों के आसपास निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव हो सकता है। हालांकि, किन क्षेत्रों को अलग सीट बनाया जाएगा और किन इलाकों को दूसरी सीटों में शामिल किया जाएगा, यह परिसीमन आयोग की प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।
850 सीटों वाली लोकसभा की तैयारी
केंद्र के प्रस्तावित विधायी पैकेज के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों की व्यवस्था प्रस्तावित है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
इस पूरी प्रक्रिया का संबंध महिला आरक्षण लागू करने से भी है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू करने की दिशा में परिसीमन अहम कदम माना जा रहा है।
हालांकि, यूपी और मध्य प्रदेश की सीटों के ये आंकड़े प्रस्तावित 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के आधार पर अनुमान हैं। अंतिम संख्या, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और आरक्षण का स्वरूप परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।