
वॉशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। ट्रंप ने मोदी को एक "महान नेता" और "बहुत सख्त इंसान" (Very tough guy) बताया है। उन्होंने कहा कि सालों की राजनीतिक उथल-पुथल के बाद पीएम मोदी ने भारत को स्थिरता दी है। 'Axios' को दिए एक खास इंटरव्यू में ट्रंप ने भारत के राजनीतिक इतिहास को याद करते हुए कहा कि उन्होंने इस पर करीब से नजर रखी है कि कैसे मोदी के एक लंबे समय तक नेता बनने से पहले भारत में सरकारें आती-जाती रहती थीं।
ट्रंप ने कहा, "मैंने अपनी पूरी जिंदगी भारत को देखा है। वहां सरकारें और प्रधानमंत्री बदलते रहते थे। कोई छह महीने रहता था, तो कोई एक साल। लेकिन अचानक वहां प्रधानमंत्री मोदी आए। वह अब 12 साल से ज्यादा समय से बहुत मजबूती और स्थिरता के साथ सत्ता में हैं।"
ट्रंप के मुताबिक, मोदी में कड़े फैसले लेने की क्षमता और शांत स्वभाव का संतुलन है। उन्होंने कहा, "वह बहुत शांति से काम करते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि वह नरम स्वभाव के हैं। वह बहुत सख्त इंसान हैं। मैं उन्हें बहुत करीब से जानता हूं।"
इंटरव्यू के दौरान पत्रकार ने पूछा, "दुनिया के दो सबसे बड़े नेता कौन हैं?" पत्रकार ने खुद ही अंदाजा लगाया कि उनमें से एक चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हो सकते हैं और पूछा कि दूसरे नेता कौन हैं।
इस सवाल पर ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिया। उन्होंने कहा, "मोदी बहुत काबिल नेता हैं। भारत के आर्थिक विकास के आंकड़े बहुत अच्छे आए हैं। मोदी गैर-जरूरी लड़ाइयों से दूर रहते हैं, यह उनकी समझदारी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है।" लीडरशिप पर अपनी राय देते हुए ट्रंप ने कहा, "लीडरशिप का मतलब है ताकत, प्रभाव और उस ताकत को काम में बदलने की क्षमता। मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं और भारत की अर्थव्यवस्था बेहतरीन है। वह लड़ाइयों से दूर रहते हैं, यह एक स्मार्ट फैसला है। 150 करोड़ की आबादी वाला भारत इस समय दुनिया का सबसे बड़ा देश है।"
वॉशिंगटन और नई दिल्ली के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अब दोनों देशों के बीच बिजनेस पूरी तरह बदल गया है। उन्होंने कहा, "मोदी एक महान नेता हैं, हम उनके साथ बहुत व्यापार करते हैं। लेकिन अब हम एक निष्पक्ष व्यापार कर रहे हैं। पहले भारत हमें लूटता था (Rip us off)। मैं इसके लिए भारत को दोष नहीं देता, हमारे यहां के मूर्ख राजनेताओं ने इसकी इजाजत दी थी। लेकिन अब हमारे बीच बड़े स्तर पर बिजनेस हो रहा है। वे (भारत) इससे ज्यादा खुश नहीं हैं, क्योंकि पहले उन्हें और भी ज्यादा फायदा मिलता था।"
पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तुलना करते हुए ट्रंप ने दोनों को बेमिसाल राजनीतिक शख्सियत बताया। ट्रंप ने मजाक में कहा, "राष्ट्रपति जिनपिंग एक शानदार नेता हैं, उनकी पर्सनैलिटी क्लासिक है। अगर आप इन दोनों पर फिल्म बनाने निकलें, तो ऐसे किरदार निभाने के लिए आपको हॉलीवुड में भी एक्टर नहीं मिलेंगे।"
ट्रंप ने जिनपिंग के आत्मविश्वास और गंभीरता की तारीफ की, वहीं कहा कि मोदी एक अलग तरीके से सम्मान हासिल करते हैं। ट्रंप ने तारीफ करते हुए कहा, "मोदी का स्टाइल ही अलग है, दुनिया में उनका बहुत सम्मान है। मैं असली मोदी को जानता हूं, वह कड़े फैसले लेने वाले 'टफ कुकी' (Tough Cookie) यानी एक सख्त शख्सियत हैं।"
यह बयान ऐसे समय में आया है जब पिछले एक साल से भारत और अमेरिका के बीच राजनयिक संबंधों में कुछ तनाव देखा गया था। इसी पृष्ठभूमि में, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने फ्रांस में G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान बुधवार को मुलाकात की थी और द्विपक्षीय संबंधों को पटरी पर लाने के लिए लंबी चर्चा की थी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।