
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। नसीरपुर थाना क्षेत्र के छटनपुर गांव में टेसू-झांझी का विवाह कराने के बाद ग्रामीण विसर्जन के लिए जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे और इसके बाद हुई घटनाओं में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हैं।
हादसा रविवार रात करीब 9 बजे हुआ। गांव के लोग टेसू-झांझी का सामूहिक विवाह कराने के बाद विसर्जन के लिए बरी के पेड़ की ओर जा रहे थे। महिला, पुरुष और बच्चे मंगलगीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की तरफ से आई दिल्ली नंबर की ब्रेजा कार ने ग्रामीणों को टक्कर मार दी। इस हादसे में ब्रजेश की बेटी बबली (18) की मौत हो गई। इसके बाद कार चालक मौके से भाग निकला।
कार चालक के भागने पर ग्रामीणों ने बाइक से उसका पीछा किया। करीब 9 किलोमीटर दूर अस्पताल के पास लोगों ने कार को घेरने की कोशिश की। आरोप है कि चालक ने एक बाइक को टक्कर मारी और फिर कार वापस गांव की ओर दौड़ा दी।
इस दौरान कार ने फिर कई ग्रामीणों को कुचल दिया। हादसे में सिशुपाल यादव की तीन बेटियों आकांक्षा (17), अंजली (15) और गुन्नू (10) के साथ हरीश कुमार (25) की मौके पर मौत हो गई। इस तरह कार की टक्कर से पांच लोगों की जान चली गई।
हादसे में बेटे की मौत का सदमा उसके कैंसर से जूझ रहे पिता बर्दाश्त नहीं कर सके और उनकी भी मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने कार में सवार चार युवकों को पकड़कर पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें भीड़ से बचाया। सोमवार को पिटाई में घायल कार चालक की भी मौत हो गई।
हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। सोमवार को तीन सगी बहनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव रो पड़ा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।