Flydubai Flight FZ1073 के कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट में हुए हमले और विमान को बचाने की आखिरी कोशिश के बारे में PM नेतन्याहू को बताया।
Flydubai Flight Incident Update: इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना को लेकर कैप्टन स्मित मच्छर ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कॉकपिट के अंदर के हालात के बारे में बताया। इस घटना में मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि उड़ान की शुरुआत बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन कुछ मिनट बाद ही उन्हें पता चला कि उनके साथ कॉकपिट में मौजूद को-पायलट उन पर हमला कर रहा है।मच्छार ने अपने साथ कॉकपिट में हुई पूरी घटना इजराइल के प्रधानमंत्री PM नेतन्याहू को बताई।
कैप्टन स्मित मच्छर ने सुनाई कॉकपिट की पूरी कहानी
मच्छार ने नेतन्याहू को बताया कि उड़ान सामान्य तरीके से चल रही थी। उन्होंने कहा कि को-पायलट प्रार्थना करना चाहता था और यह उनके लिए कोई असामान्य बात नहीं थी।
जब को-पायलट प्रार्थना कर रहा था, तब वह सम्मान के कारण सामने की ओर देख रहे थे। करीब चार-पांच मिनट बाद उन्हें सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार प्रहार महसूस हुआ।
शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान को कोई बड़ा नुकसान हुआ है और शायद विमान में ही कुछ गड़बड़ हुई है। लेकिन जब लगातार प्रहार होते रहे, तब उन्हें समझ आया कि समस्या विमान में नहीं बल्कि कॉकपिट में मौजूद दूसरे व्यक्ति की वजह से है।
मच्छार ने बताया कि उन्होंने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती हमले के बाद उनकी नजर धुंधली हो गई थी और उन्हें साफ दिखाई नहीं दे रहा था।
तेजी से नीचे आने लगा था फ्लाईदुबई का विमान
कैप्टन मच्छार ने बताया कि इसके बाद उन्हें महसूस हुआ कि विमान तेजी से नीचे की ओर जा रहा है।
उस समय की उनकी यादें पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन उन्हें विमान के तेजी से नीचे आने और तेज हवा की आवाज याद है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने एक बार कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी, लेकिन ऐसा लगा कि उसे फिर बंद कर दिया गया।
इसके बाद वह कॉकपिट के फर्श पर थे और उन्हें आसपास लोगों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई दे रही थीं।
मच्छार को जल्द ही समझ आ गया कि विमान को नीचे जाने से रोकने के लिए उनके पास आखिरी मौका है।
आखिरी कोशिश में खोला कॉकपिट का दरवाजा
कैप्टन मच्छार ने बताया कि उस समय उनके अंदर एक आखिरी कोशिश करने की हिम्मत बची थी।
उन्होंने पूरी ताकत लगाकर कॉकपिट के दरवाजे की तरफ बढ़ने और उसे खोलने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि अगर वह ऐसा नहीं करते तो उनकी जान भी जा सकती थी और विमान में मौजूद दूसरे लोगों की जान भी खतरे में थी।
मच्छार ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद बाहर मौजूद लोगों ने मदद की और विमान का कंट्रोल संभालने में मदद की। उन्होंने कहा कि इसके बाद जो हुआ, वह सब अब सामने आ चुका है।
Flydubai Flight FZ1073 में क्या हुआ था?
बीते बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान विमान ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा और करीब 17,000 फीट से ज्यादा तेजी से नीचे आया। इससे पहले विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। विमान में 174 यात्री और 6 क्रू मेंबर समेत कुल 180 लोग सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। स्थिति बिगड़ने के बाद बोइंग 737-8 विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुल अजीज एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।
कैप्टन स्मित मच्छर को बताया जा रहा 'हीरो'
घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छर को विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाला बताया जा रहा है।
वह 4 साल से ज्यादा समय से फ्लाईदुबई के साथ काम कर रहे हैं। उनके पास कमर्शियल एविएशन का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है और वह 9,500 से ज्यादा घंटे उड़ान भर चुके हैं।
जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़ने और दुबई जाने से पहले मच्छर भारत में थे। उन्होंने स्पाइसजेट के साथ एक दशक से ज्यादा समय तक काम किया था और वहां लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की भूमिका भी निभाई थी। मच्छार के भाई भी फ्लाईदुबई में पायलट हैं।
कैप्टन स्मित मच्छर मूल रूप से मुंबई के घाटकोपर के रहने वाले हैं। घटना के बाद उनके दोस्तों, पुराने सहयोगियों और पड़ोसियों ने उन्हें अच्छा इंसान बताया और मुश्किल समय में उनके साहस की तारीफ की।
को-पायलट हमाम-अल-हम्मामी को लेकर क्या सामने आया?
मीडिया रिपोर्ट्स में हमला करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई है, जो ओमान का नागरिक है।
उसका जन्म UAE में हुआ था। उसके पिता ओमान से और मां सीरिया से थीं। उसने UAE में कई साल बिताए थे।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने के मुताबिक, अल-हम्मामी को पहले ओमान में कथित कट्टरपंथी विचारधारा के कारण उड़ान भरने से रोका गया था।
बाद में उसे ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन में दूसरी भूमिका दी गई थी।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि बुधवार की उड़ान के दौरान उसने कॉकपिट में रखी आपातकालीन कुल्हाड़ी से कैप्टन मच्छार पर हमला किया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।