सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने इनके आयात पर लगने वाली ड्यूटी में बड़ा बदलाव किया है। 13 मई को MCX में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला, जहां सोना करीब 10 हजार रुपये और चांदी लगभग 18 हजार रुपये तक महंगी हो गई। 10 ग्राम सोने का भाव 1.63 लाख रुपये और 1 किलो चांदी की कीमत 2.97 लाख रुपये तक पहुंच गई। सरकार ने सोने पर 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 फीसदी AIDC लागू किया है, जिससे कुल प्रभावी टैक्स 15 फीसदी हो गया है। सरकार का उद्देश्य विदेशी खरीद पर नियंत्रण करना और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ रहे दबाव को कम करना बताया जा रहा है। गौरतलब है कि 2024 के बजट में सोने की इंपोर्ट ड्यूटी 15 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दी गई थी, लेकिन अब बढ़ती मांग और आर्थिक दबाव के चलते फिर सख्ती दिखाई गई है।