
India Summons Pakistan Diplomat: पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 2 अक्टूबर को बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की कार्रवाई में 2 पाकिस्तानी घुसपैठियों के मारे जाने के बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक तनातनी बढ़ गई है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत (Chargé d’Affaires) को तलब कर सीमा पार से लगातार हो रही घुसपैठ पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। वहीं, इससे पहले पाकिस्तान ने भी भारतीय राजनयिक को तलब कर दोनों मृतकों को आम नागरिक बताते हुए अपना विरोध जताया था।
भारतीय सुरक्षा अधिकारियों और तरनतारन के डीएसपी अतुल सोनी के अनुसार, 2 अक्टूबर को दोपहर के समय तीन संदिग्ध लोग अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में फेंसिंग (बाड़) की ओर बढ़ रहे थे। बीएसएफ जवानों ने उन्हें वापस लौटने की लगातार चेतावनी दी। इस दौरान एक व्यक्ति वापस पाकिस्तान की ओर भाग गया। बीएसएफ संतरी के मुताबिक, बाकी दोनों लोग चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ते रहे और जवानों को उकसाते हुए भारत में घुसने की बात कहने लगे। सुरक्षा के लिए सीधा खतरा पैदा होने पर बीएसएफ को कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें दोनों व्यक्ति मौके पर ही मारे गए। भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि यह घटना पाकिस्तान से संचालित हथियारबंद ड्रग सिंडिकेट्स की घुसपैठ के पैटर्न का हिस्सा है। मंत्रालय ने पाकिस्तानी सीमा बलों की मिलीभगत की जांच करने और सीमा की मर्यादा का पालन करने की मांग की।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 3 अक्टूबर को पाकिस्तान के चार्ज डी'अफेयर्स को तलब किया गया। भारत ने 2 अक्टूबर को पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में हुई घटना को लेकर पाकिस्तान के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। भारत ने पाकिस्तान की तरफ से लगाए गए आरोपों को भी बेबुनियाद बताया। भारत का कहना है कि सीमा पार से लगातार अनधिकृत घुसपैठ की कोशिशें चिंता का विषय हैं। इसी मामले को लेकर पाकिस्तान से सीमा पार की गतिविधियों को रोकने के लिए कदम उठाने को कहा गया है।
शनिवार को पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में भारतीय प्रभारी राजदूत को तलब कर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी राजनयिक को तलब कर पाकिस्तान के आरोपों को आधारहीन और मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने भारत के दावों को खारिज करते हुए अपनी स्थिति रखी है। पाकिस्तान ने कहा कि मारे गए दोनों लोग निहत्थे आम नागरिक थे, जो बेदियां सेक्टर में अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए थे। पाकिस्तान ने उन्हें घुसपैठिया मानने से पूरी तरह इनकार किया और बीएसएफ की कार्रवाई को बिना उकसावे के किया गया गैर-जरूरी बल प्रयोग बताया। इस्लामाबाद ने इस मामले में निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पाकिस्तान को सौंपने की मांग की है।
पंजाब राज्य पाकिस्तान के साथ 553 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, जहां अवैध सीमा पार आवाजाही और नशीले पदार्थों की तस्करी लगातार एक संवेदनशील सुरक्षा मुद्दा बना रहता है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।