
लखनऊ। महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नीति आयोग के वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म (WEP) का उत्तर प्रदेश स्टेट चैप्टर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में औपचारिक रूप से शुरू किया गया। यह नया कार्यालय गोमती नगर के विभूति खंड स्थित रोहतास समिट बिल्डिंग में यूपी इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (UPICON) के अंतर्गत स्थापित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश की महिला उद्यमियों को बेहतर संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना है।
वीमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफॉर्म (WEP) नीति आयोग की एक अहम पहल है, जिसका मकसद देशभर की महिला उद्यमियों के लिए एक मजबूत और एकीकृत मंच तैयार करना है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिला उद्यमियों को मेंटोरशिप, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव, नियामकीय सहयोग और नेटवर्किंग जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे महिलाएं अपने व्यवसाय को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकती हैं और नए अवसरों का लाभ उठा सकती हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार की औद्योगिक और स्टार्टअप नीतियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और कारीगरों को प्रोत्साहन देने वाली योजनाओं ने प्रदेश में महिला उद्यमिता के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। लखनऊ में WEP के स्टेट चैप्टर की स्थापना से प्रदेश की महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर के संसाधनों, मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।
इस पहल से प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर चिकनकारी, जरदोजी और बनारसी वस्त्र जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली महिला कारीगरों और उद्यमियों को नए बाजार और संसाधनों तक पहुंच मिलेगी। इसके साथ ही स्टार्टअप और उभरते क्षेत्रों में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे प्रदेश में महिला उद्यमिता को नई गति मिलेगी।
लखनऊ की प्रसिद्ध महिला उद्यमी और समृद्धि क्रिएशन की संस्थापक सुष्मिता दत्ता ने WEP के यूपी चैप्टर का उद्घाटन किया। सुष्मिता दत्ता चिकनकारी आधारित परिधान और वस्त्र निर्माण क्षेत्र की प्रमुख उद्यमियों में शामिल हैं। वे लखनऊ की जीआई टैग प्राप्त पारंपरिक चिकनकारी कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कारीगरों को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थागत सहयोगियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्तर प्रदेश में एक मजबूत और समावेशी महिला उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के संकल्प को दोहराया, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं व्यवसाय और उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।